“कुछ मन की बातें” कविता में देश की सामाजिक सच्चाइयों की झलक
-1024x614.jpeg)
“कुछ मन की बातें” कविता में कवि गुड्डू अनिल ने समाज और व्यवस्था की सच्चाइयों को सरल भाषा में व्यक्त किया है। कविता में भूख, राजनीति, कानून और सामाजिक असमानता को लेकर तीखा व्यंग्य किया गया है।
कोई कुर्सी के लिए लड़ रहा है,
कोई कुर्सी से लड़ रहा है।
बताओ, कैसे हम मानें
कि देश आगे बढ़ रहा है।
कोई खाने को मर रहा है,
कोई खाने से मर रहा है।
बताओ, कैसे हम मानें
कि देश आगे बढ़ रहा है।
कोई भूख से कराह रहा है,
तो कहीं अनाज सड़ रहा है।
बताओ, कैसे हम मानें
कि देश आगे बढ़ रहा है।
कोई कानून से डर रहा है,
कोई कानून पर चढ़ रहा है।
बताओ, कैसे हम मानें
कि देश आगे बढ़ रहा है।
कोई मोहरों को चला रहा है,
कोई बातों को रगड़ रहा है।
बताओ, कैसे हम मानें
कि देश आगे बढ़ रहा है।
कोई भगाने को बढ़ रहा है,
कोई बैठा कसीदे पढ़ रहा है।
बताओ, कैसे हम मानें
कि देश आगे बढ़ रहा है।


