‘ब्लैक ईट्स ब्लैक’ ऑपरेशन का दावा: चीन ने उजागर की अमेरिका की कथित बिटकॉइन साजिश
-1024x608.jpg)
नेशनल डेस्क: चीन ने अमेरिका पर एक अभूतपूर्व साइबर विवाद में दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टो चोरी करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। चीन के अनुसार, अमेरिकी सरकार से समर्थन प्राप्त हैकर्स ने 2020 में चीन के ‘लूबियन’ बिटकॉइन माइनिंग पूल से लगभग 1,27,000 बिटकॉइन (अब कीमत करीब 13 अरब डॉलर) चुरा लिए थे। इससे दोनों देशों के बीच साइबर वार और संदेह का माहौल काफी गहरा गया है।
लूबियन माइनिंग पूल से हुई चोरी
लूबियन एक प्रमुख बिटकॉइन माइनिंग पूल था, जिसकी शुरुआत अप्रैल 2020 में हुई थी और यह बहुत जल्दी बिटकॉइन नेटवर्क का छठा सबसे बड़ा पूल बन गया था। दिसंबर 2020 में इस पूल को बड़े पैमाने पर हैक कर लिया गया, जिससे लगभग सभी क्रिप्टो फंड गायब हो गए और माइनिंग पूल का संचालन बंद हो गया। इसे क्रिप्टो इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी चोरी कहा गया।
कैसे हुई हैकिंग और किसने की?
चीन की नेशनल कंप्यूटर वायरस इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर (CVERC) की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना को बेहद एडवांस हैकिंग टूल्स से अंजाम दिया गया। रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस प्रकार का हमला केवल सरकार समर्थित हैकर्स ही कर सकते हैं और CVERC ने इसके पीछे अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। चार साल तक ये बिटकॉइन वॉलेट्स में पड़े रहे, 2024 में इन्हें अचानक नए वॉलेट्स में ट्रांसफर किया गया। ब्लॉकचेन एनालिटिक्स फर्म ‘अर्कहम’ ने इन वॉलेट्स को अमेरिकी सरकार से जुड़ा बताया। अप्रैल 2024 में अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने इन्हें जब्त कर लिया।
CVERC की रिपोर्ट और ‘ब्लैक ईट्स ब्लैक’ ऑपरेशन
रिपोर्ट में इस चोरी की टाइमलाइन समेत यह तर्क दिया गया कि कोई आम हैकर इतने बड़े स्केल पर और इतने लंबे अंतराल के बाद धन का मूवमेंट नहीं कर सकता। चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भी यही लेख छापा कि अमेरिका ने पैसे चुराए और फिर खुद ही प्रक्रिया दिखाने के लिए उन्हें जब्त कर लिया—इसे ‘ब्लैक ईट्स ब्लैक’ ऑपरेशन कहा गया है।
अमेरिका की प्रतिक्रिया
अमेरिका ने इन आरोपों को झूठा और निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि बिटकॉइन की जब्ती कानूनी कार्रवाई के तहत की गई है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ये फंड अपराध से कमाए गए थे और उन्हें फ्रीज करना वैध प्रक्रिया है। अमेरिका ने इस मामले में किसी भी साजिश से साफ इनकार किया, जबकि चीन का आरोप है कि यह कार्रवाई केवल एक दिखावा है।


