बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले पर बोलीं तुलसी गबार्ड, तसलीमा ने भी लगाया आरोप

नयी दिल्ली : बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान से हिंदुओं व उनके धार्मिक स्थलों के खिलाफ शुरू हुई हिंसा के खिलाफ अमेरिका के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार रही व पूर्व सांसद तुलसी गबार्ड ने बयान जारी किया है। उन्होंने अपने ट्विटर एकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर बांग्लादेश में हुई हिंसा की तीखी निंदा की है और बांग्लादेश की सरकार से हिंदुओं, सिखों व ईसाइयों को सुरक्षा देने की मांग की है।


तुलसी गबार्ड ने कहा है कि जिहादियों के लिए यह मानना कि मंदिरों को जलाने व नष्ट करने से भगवान खुश होते हैं, यह दर्शाता है कि वे वास्तव में भगवान से कितने दूर हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा देखकर उनका दिल टूट गया। उन्होंने एसी भक्तिवेदांता स्वामी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की निंदा की है। तुलसी ने कहा है कि भगवान प्यार है। उन्होंने बांग्लादेश की सेकुलर सरकार से जिहादी ताकतों से अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा की मांग की है।


वहीं, प्रसिद्ध लेखिका तसलीमा नसरीन ने ट्विटर पर आरोप लगाया है कि उसने बांग्लादेश में हिंसा के बाद पीड़ित इस्कॉन सोसाइटी का ही ट्विटर एकाउंट डिलीट कर दिया।

उन्होंने कहा, ट्विटर ने इस्कॉन बांग्लादेश का एकाउंट डिलीट कर दिया। इस्कॉन पर हमला करने वाले जिहादियों के सभी एकाउंट डिलीट नहीं किए गए बल्कि पीड़ित इस्कॉन का एकाउंट डिलीट कर दिया गया! उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सरकार नहीं चाहती कि दुनिया सच्चाई देखे। इसलिए इस्कॉन सेंसरशिप का शिकार हो गया और मीडिया ब्लैकआउट का शिकार हो गया।


तसलीमा ने एक जिहादी का फोटो ट्वीट करते हुए लिखा : इकबाल हुसैन ने हनुमान की मूर्ति की गोद में कुरान रखकर उनका गदा चुरा लिया। कुरान का अनादर करने पर इस्लामवादी उसे जिंदा क्यों नहीं खा रहे हैं? पहले से ही इस्लामवादियों ने हिंदुओं को दोषी ठहराया और उस अपराध के लिए उनकी संपत्तियों को नष्ट कर दिया जो उन्होंने किया ही नहीं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More