स्पेन में जंगलों को आग से बचाने की अनोखी पहल, गधे निभा रहे ‘नेचुरल फायर फाइटर’ की भूमिका

सूखी वनस्पति कम कर बनाते हैं प्राकृतिक फायर ब्रेक

स्पेन: जंगल की आग से निपटने के लिए आज तकनीक का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। सैटेलाइट से लेकर ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक की मदद ली जा रही है। लेकिन स्पेन के कैटालोनिया में आग का खतरा कम करने के लिए एक बेहद अनोखा और प्राकृतिक तरीका अपनाया गया है। यहां गधों को जंगलों में चराकर सूखी घास और झाड़ियों को कम किया जा रहा है। इससे आग को फैलने के लिए मिलने वाला प्राकृतिक ईंधन घट रहा है और जंगलों में आग के तेजी से फैलने का जोखिम कम करने में मदद मिल रही है।

बार्सिलोना से करीब 80 मील दूर पहाड़ी इलाकों में चल रही इस पहल को पर्यावरण के लिहाज से उपयोगी माना जा रहा है। दक्षिणी यूरोप के कई हिस्सों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान जंगल की आग की घटनाएं बढ़ी हैं। स्पेन में अब तक 2.4 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र आग से प्रभावित हो चुका है। देश के दक्षिणी हिस्से में हाल में लगी एक बड़ी आग में कई लोगों की मौत भी हुई। ऐसे हालात में जंगलों में जमा सूखी घास और झाड़ियों को हटाने के लिए गधों की मदद ली जा रही है।

इस अनोखी पहल को एक गैर-लाभकारी संगठन चला रहा है। संस्था ऐसे गधों को बचाती है जिन्हें उनके मालिकों ने छोड़ दिया या जिनके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया गया। इसके बाद इन जानवरों को जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में चरने के लिए भेजा जाता है। गधे बड़ी मात्रा में सूखी घास और झाड़ियों को खा लेते हैं। इससे जमीन पर मौजूद ज्वलनशील वनस्पति की मात्रा कम होती है और प्राकृतिक ‘फायर ब्रेक’ तैयार हो जाता है।

आग लगने की स्थिति में ये साफ किए गए हिस्से आग की रफ्तार को कम करने में मदद कर सकते हैं, क्योंकि वहां आग को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त सूखी वनस्पति उपलब्ध नहीं रहती।

2020 में शुरू हुआ था प्रयोग

इस परियोजना की शुरुआत साल 2020 में कैटालोनिया के टिविस्सा निवासी जोन सेडो सैंस ने कुछ गधों के साथ की थी। समय के साथ यह संख्या बढ़कर 62 हो गई। अब ये गधे सार्वजनिक और निजी दोनों तरह की जमीनों पर वनस्पति साफ करने में मदद कर रहे हैं।

इस पहल के पीछे 2013 में कैटालोनिया में लगी एक बड़ी जंगल की आग का अनुभव भी बताया जाता है। उस घटना के बाद एक प्रयोग के तौर पर गधों को घनी झाड़ियों वाले क्षेत्र में चरने के लिए छोड़ा गया। वहां उन्होंने सूखी वनस्पतियों को काफी हद तक साफ कर दिया। इसी अनुभव ने आगे चलकर एक व्यवस्थित परियोजना का रूप लिया। फिलहाल इसकी रोजमर्रा की देखरेख स्वयंसेवक जॉर्डी गार्सिया करते हैं।

गर्मियों की ज्वलनशील घास खाते हैं गधे

शोधकर्ताओं के अनुसार, गधे उन सूखी घास और वनस्पतियों को भी खाते हैं जो गर्मियों के मौसम में आसानी से आग पकड़ सकती हैं। ऐसी वनस्पतियां जंगल की आग को तेजी से फैलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि गधों के साथ दूसरे शाकाहारी जानवरों को भी शामिल किया जाए तो अलग-अलग प्रकार की झाड़ियों और घास को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

इस तरह के उपाय दूसरे देशों में भी देखने को मिले हैं। अमेरिका के कैलिफोर्निया में आग के जोखिम वाले क्षेत्रों में बकरियों की मदद से सूखी वनस्पतियां हटाने के प्रयोग किए जाते रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार गधों का इस्तेमाल कुछ अलग परिस्थितियों में उपयोगी साबित हो सकता है।

अग्निशमन कर्मियों के लिए रास्ते भी तैयार करते हैं

गधों की भूमिका केवल सूखी घास खाने तक सीमित नहीं है। उनके भारी शरीर के जंगल में चलने से जमीन पर मौजूद सूखी वनस्पतियों की परत दबती और टूटती है। इससे आग को लगातार आगे बढ़ने के लिए मिलने वाला ईंधन कम हो सकता है।

इसके अलावा, इन जानवरों के आने-जाने से जंगल में अपेक्षाकृत साफ रास्ते भी बन जाते हैं। आग लगने की स्थिति में अग्निशमन दल इन रास्तों का इस्तेमाल पाइप, उपकरण और अन्य जरूरी सामान ले जाने के लिए कर सकता है।

कैटालोनिया का यह प्रयोग इस बात का उदाहरण है कि आधुनिक तकनीकों के साथ प्राकृतिक तरीकों का इस्तेमाल भी जंगल की आग के जोखिम को कम करने में भूमिका निभा सकता है। साथ ही, यह पहल उपेक्षित और प्रताड़ित गधों को सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से भी जुड़ी हुई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More