नेत्र सर्जरी पर कार्यशाला का आयोजन

रांची: कश्यप मेमोरियल आई होस्पिटल एवं रांची ओफ्थाल्मिक फोरम के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नेत्र सर्जरी पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मोतियाबिंद सर्जरी के दौरान आने वाली जटिलताओं को दूर करने वाले ही सम्पूर्ण सर्जन बन पाते हैं। बहुत सर्जन मोतियाबिंद ऑपरेशन तो करते है लेकिन ऑपरेशन के दौरान विभिन चरणों में आने वाले जटिलताओं को दूर करने में सफल नहीं हो पाते। ऐसे में उन्हें पूर्ण रूप से सर्जन नहीं माना जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस आयोजन से नेत्र सर्जन में जो कमियां है उसे दूर करने में मदद मिलेगी। कार्यशाला में फेको मोतियाबिंद सर्जरी एवं उससे होने वाली जटिलताएं तथा उसका सर्जिकल प्रक्रिया द्वारा समाधान पर विशेषज्ञों ने प्रकाश डाला। डॉ. भारती कश्यप ने फेमटो लेजर मोतियाबिंद सर्जरी पर प्रकाश डाला। डॉ. बीपी कश्यप ने मोतियाबिंद ऑपरेशन के दौरान झिल्ली में सही प्रकार से छेद कैसे बनाए, इसपर विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर डॉ. बंदना प्रसाद, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. राजा दत्ता, डॉ. वरुण गोगिया, डॉ. रवि धरमधसानी, डॉ.उत्पला चक्रबर्ती समेत कई डॉक्टर मौजूद थे। इस कार्यक्रम में रांची ओफ्थाल्मिक फोरम की नई कार्यकारणी का गठन किया गया। डॉ. एसआर सिंह को प्रेसिडेंट, डॉ. भारती कश्यप को सेक्रेटरी, डॉ. संतोष रमण को चेयरमैन साइंटिफिक कमिटी, डॉ. नीरज कुमार को कोषाध्यक्ष एवं डॉ. एम शिराज अली को जॉइंट सेक्रेटरी का पदभार दिया गया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More