वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर 25 अटल क्लिनिक की शुरुआत

रांची: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्य तिथि को यादगार बनाते हुये शुक्रवार को झारखंड सरकार ने पूरे प्रदेश में अटल मुहल्ला क्लिनिक योजना की शुरुआत की। मोरहाबादी के एदलहातू में कार्यक्रम के उदघाटन के मौके पर सीएम रघुवर दास ने कहा कि छोटी- छोटी बीमारियां इलाज के अभाव में गंभीर बीमारियों का रूप न ले सकें, इसलिए 25 क्लिनिक को खोला गया है। 25 सितंबर तक ऐसे 100 क्लिनिक खोलने की योजना पर सरकार कार्य कर रही है। सीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया है, कि वे हर दिन कम से कम एक अटल क्लिनिक का निरीक्षण करें, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले।
सीएम ने कहा कि क्लिनिक में काम करने वाले चिकित्सक और नर्स सेवा भाव से काम करें। योजना प्रारम्भ करने की वजह गरीब लोगों को गंभीर बीमारी से बचाना है। कहा, कि वे एक गरीब परिवार में आते हैं। मैंने भी एक छोटी बीमारी को पैसे खर्च हो जाने के डर से इलाज नहीं कराया और बीमारी गंभीर हो गई। कहा कि सरकार ने बजट में किये गये वायदे को पूरा कर दिया है। कहा कि अब लोगों को छोटी बीमारियों के लिए सदर अस्पताल या अन्य बड़े अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी, बुखार, जुकाम, ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य छोटी- मोटी बीमारियों और जांच मुहल्ले क्लिनिक में ही होगी।
अटल क्लिनिक में सुबह आठ से दस बजे और शाम में चार से छह बजे तक डॉक्टर बैठेंगे। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में इन मुहल्ला क्लिनिकों का विस्तार होगा व आधारभूत सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। यहां दवाइयां और पैथोलॉजी जांच के लिए अन्य उपकरण उपलब्ध कराएं जाएंगे। कहा कि 25 सितंबर तक राज्य में निवास करनेवाले सवा तीन करोड़ लोगों में से सभी अहर्ता रखने वाले लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है। आयुष्मान भारत आज राज्य के गरीबों के लिए वरदान साबित हो रहा। सरकार ने लाभुकों को स्वास्थ्य लाभ देने हेतु अबतक 206 करोड़ रुपये उनकी बीमारी पर खर्च कर 10 माह में 2 लाख 27 हजार जरूरतमंदों का इलाज सुनिश्चित किया। अगर यह योजना नहीं होती तो इलाज पर गरीबों का 2 करोड़ 25 लाख रुपये उनकी बीमारी में खर्च हो जाती। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है, कि हम सभी को मिलकर साझे प्रयास से गोल्डन कार्ड बनाने के अभियान का अपने स्तर से भी प्रचार प्रसार करना होगा। यही स्व अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूएनडीपी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि दुनिया में झारखंड दूसरा ऐसा राज्य है जो तेजी से गरीबी रेखा से ऊपर आ रहा है। साथ ही राज्य के लोगों की क्रय शक्ति में भी वृद्धि हुई है। यहां पेट्रोल व डीजल की खपत में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, ऐसे में कहा जा सकता है कि लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है। कहा कि प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन प्रदान करने के उद्देश्य से सखी मंडल की महिलाओं को रेडी टू इट के संचालन की जिम्मेवारी सौंपी जाएगी। इस बाबत रामगढ़ में पायलट प्रोजेक्ट के तहत रामगढ़ में 2 करोड़ की लागत से यूनिट प्रारंभ की जा रही है। यह योजना सफल रही तो राज्य के सभी प्रखंड में योजना को धरातल पर उतारा जाएगा। मौके पर मौजूद नगर विकास मंत्री सीपी सिंह स्थानीय सांसद संजय सेठ ने कहा, योजना प्रदेश के विकास को मजबूती प्रदान करेगी। कार्यक्रम में महापौर आशा लकड़ा, उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, सचिव नगर विकास विभाग अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त मनोज कुमार व कई लोग मौजूद थे।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More