रिम्स बनेगा हाइटैक, निजी अस्पतालों की तर्ज पर लागू हो व्यवस्था: मुख्यमंत्री

औचक निरीक्षण
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास मंगलवार को अचानक रिम्स का औचक निरीक्षण करने पहुँच गये। उन्होंने सभी वार्डों में घूमकर मरीजों को हर संभव सुविधाओं को देने का निर्देश निदेशक डाॅ डीके सिंह को देते हुये दो टूक कहा, कि रिम्स को हमें प्रोफेशनल तरीके से चलाना है व इस बाबत सामूहिक प्रयास करना होगा। कहा कि रिम्स में सुविधाएं निजी अस्पताल की तर्ज पर कड़ाई के साथ लागू किया जाए। कहा कि एक मरीज के साथ एक ही अटेंडेंट रहे, इसे सुनिश्चित करें व इमरजेंसी में भी इसे लागू किया जाय।
ज्यादा भीड़ से होती है परेशानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यादा भीड़ रहने से न केवल चिकित्सकों को इलाज करने में परेशानी होती है, बल्कि मरीज को भी हल्ला- गुल्ला से परेशानी होती है। मरीज के परिजन इसमें रिम्स प्रबंधन का सहयोग करें। रिम्स प्रबंधन लोगों को पास जारी करे। गेट पर पास दिखाकर ही मरीज के परिजन को अंदर जाने दें। बीच- बीच में जांच करते रहे कि कोई अतिरिक्त व्यक्ति तो अंदर नहीं आ गया है। ऐसे लोगों से बाहर जाने का अनुरोध करे व न मानने पर कड़ाई से उन्हें बाहर करें।
पंखे- एसी लगाएं
रघुवर दास ने इमरजेंसी में एसी नहीं लगने तक तत्काल पंखे लगाने का निर्देश निदेशक डाॅ डीके सिंह को दिया। पहले से ही घायल या बीमार मरीज को गर्मी से ज्यादा परेशानी होती है। सीएम ने पूरे रिम्स में सेंट्रलाइज्ड एसी लगाने व अन्य जरूरी कार्यों के लिए अनुमानित लागत का अनुमान लगाकर देने का निर्देश दिया व कहा कि राज्य सरकार सीएसआर समेत अन्य साधनों से इस राशि की व्यवस्था करेगी। उन्होंने रिम्स परिसर को साफ- सुथरा रखने का भी निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें:
https://samridhjharkhand.com/sohra-building-case-government-orders-order
चिकित्सक भगवान का रूप
वार्ड में मौजूद चिकित्सकों से मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर भगवान का रूप माने जाते हैं। गरीब व असहाय की सेवा करें। इनसे जो आशीर्वाद मिलेगा, वह बहुत फलेगा। वे लगातार मरीजों के संपर्क में रहें। गरीब के चेहरे पर मुस्कान देखने से जो सुकून मिलेगा, वह सुकून किसी दूसरी चीज से नहीं मिल सकता है। चिकित्सक रोजाना समय से वार्ड का भ्रमण करें।
नया व बड़ा ओपीडी बनाएं, सरकार हर सहयोग देगी
रिम्स निदेशक दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि रिम्स की ओपीडी काफी पुरानी हो चुकी है। यहां मरीजों व उनके परिजनों के बैठने आदि के लिए समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी व बड़ी ओपीडी बनाने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करें। सरकार पूरी तरह से सहयोग करेगी। रिम्स में मरीजों के परिजनों के लिए वेटिंग रूम बनायें। वहां पानी, शौचालय के साथ ही सस्ती दर पर भोजन की भी व्यवस्था करें।
[URIS id=9499]


