मजदूरों ने बाध्य होकर लिया महाधरना का सहारा

बोकारो थर्मल: बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट मेन गेट के समक्ष विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को भाजपा ऊपरघाट मंडल के बैनर तले मजदूरों व ग्रामीणों ने एक दिवसीय महाधरना दिया। धरना के दौरान आंदोलनकारियों ने डीवीसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना विरोध भी प्रकट किया। महाधरना समाप्ति के बाद प्लांट गेट के समक्ष एक नुक्कड़ सभा की गयी। सभा को संबोधित करते हुए गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि तारकेश्वर महतो ने कहा कि 2 जनवरी 2017 को स्थानीय निदेशक भवन में सांसद व जिप सदस्य भरत यादव के साथ डीवीसी प्रबंधन की 12 सूत्री मांगों को लेकर वार्ता हुई थी। वार्ता के एक वर्ष गुजरने के बाद भी डीवीसी की ओर से कोई पहल नहीं किया गया।
मांगों को लेकर कई बार प्रबंधन को सूचना दी गयी लेकिन प्रबंधन ने मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखायी। ऊपरघाट के ग्रामीण और मजदूरों ने बाध्य होकर महाधरना का सहारा लिया। प्रबंधन महाधरना के बाद भी आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीर नहीं होती है तो 30 नवंबर से पावर प्लांट का गेट जाम आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीवीसी प्रबंधन सिर्फ आंदोलन की ही भाषा समझती है। जिप सदस्य भरत यादव ने महाधरना को नैतिक समर्थन करते हुए कहा कि प्लांट के कामों में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता दिया जाय।
नियोजित मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी डीवीसी प्रबंधन के द्वारा सुनिश्चित किया जाये और सीएसआर के तहत ऊपरघाट के इलाकों में विकास कार्य को प्राथमिकता दिया जाए। डीवीसी प्रबंधन का दायित्व है कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करे क्योंकि विगत् कुछ वर्षों से ऊपरघाट में विकास कार्यों में शिथिलता आ गयी है। उप मुखिया सुरेद्र कुमार महतो ने कहा कि ऐश पौंड़ में काम करने वाले मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी कार्यरत ठीकेदार के द्वारा नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर प्लांट में रोजगार दिया जाय। प्रबंधन प्लांट के हर विभाग में बाहरी मजदूरों से काम करवा रहीं है और स्थानीय मजदूरों को सिर्फ आश्वासन देकर बहलाने का काम कर रही है। मौके पर पूर्व उपमुखिया संतोष कुमार महतो, मनोज कुमार, श्यामसुदंर महतो, देवीलाल मुर्मू, सुरेश प्रजापति, दिलीप तुरी, ललन तुरी, विश्वनाथ महतो, बिनोद तुरी, बासदेव महतो, परमेश्वर महतो, नेजाम अंसारी, जितेंद्र प्रजापति, खेमलाल सोरेन, गोबिंद किस्कू, किशुन हासंदा, शमीम अंसारी, सुरेश तुरी, सुखदेव प्रजापति, सुरेश कुमार पटेल सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे। सभा समाप्ति के बाद एक 12 सूत्री मांग पत्र डीवीसी प्रबंधन को सौंपा गया.


