विधानसभा की कमेटी के रिर्पोट आने तक कार्यरत रहेंगे पारा शिक्षक

स्पीकर ने लगाया मरहम
रांची: मॉनसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को एक बार फिर से विधानसभा में पारा शिक्षकों को हटाने का मामला उठा। छतरपुर विधायक राधा कृष्ण किशोर ने लगभग 450 पारा शिक्षकों को हटाए जाने के मामले पर कहा कि पलामू जिले में वैध व अवैध पारा शिक्षकों की जांच के बाद उन्हें हटाया गया। शिक्षा मंत्री नीरा यादव ने कहा कि पारा शिक्षकों के चयन में अनियमितता की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद डीडीसी की अध्यक्षता में गठित एक टीम ने छतरपुर में 100 से अधिक व नावाडीह में भी 184 पारा शिक्षकों की नियुक्ति अवैध पायी गई। कहा कि अगर कोई दोषी है, तो निगरानी या एसीबी से इसकी जांच कराकर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सत्ता पक्ष के ही राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि मंत्री ने स्वीकार किया की यह तीसरी जांच भी गलत है। किशोर ने कहा कि 450 लोगों के भविष्य का सवाल है। जिसके बाद पारा शिक्षकों की सर्टिफिकेट की जांच रोक दी गयी। विधानसभाध्यक्ष ने इसमें नियमन दिया कि इसे लेकर सदन की एक कमेटी का गठन किया जायेगा, जो सितंबर तक अपनी रिपोर्ट देगी। तब तक पारा शिक्षक कार्यरत रहेंगे। कहा कि उन पर कोई भी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। उसके बाद पारा शिक्षकों की सर्टिफिकेट की फिर से जांच शुरू होगी। इसी बीच में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने रिम्स में डेंटल चेयर घोटाला, कंबल घोटाला, स्मार्ट रोड घोटाला, जमीन घोटाला के दोषियों को जेल भेजने की मांग की। विधायक भानु प्रताप शाही ने राज्य में संविदाकर्मियों के लिए कानून बनाने की मांग की।
इससे पूर्व सदन आंरभ होने से पूर्व विधानसभा के बाहर झामुमो और कांग्रेस के सदस्यों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगाये। विधायकों ने फ्लेक्स से बने बैनर ओढ़ रहे थे, जिस पर विभाग और मंत्रालय के नाम एवं उसमें भ्रष्टाचार का जिक्र किया गया था। हरे रंग के इस बैनर पर मोटे- मोटे अक्षरों में लाल रंग से लिखा था – ‘घोटालों की सरकार, भ्रष्टाचार की हर सीमा पार’।
[URIS id=9499]



