मन में सच्ची लगन हो तो कोई भी लक्ष्य आसान: कनिष्क

हजारीबाग: चाणक्य आईएएस एकेडमी हजारीबाग सेंटर के बैनर तले गुरुवार को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी को लेकर एक दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस बाबत दिल्ली से आए सिविल सेवा परीक्षा के अनुभवी विशेषज्ञ निशांत कनिष्क ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंनेे इस दौरान परीक्षा से जुड़ी कई अहम जानकारियां दीं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करना आसान है अगर मन में सच्ची लगन और निरंतर परिश्रम करने की क्षमता हो। कहा कि सभी के जीवन में चुनौतियां आती है और उन चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी क्षमता का विकास करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों में उत्साह भरते हुए कहा कि इंसान के अंदर कई असीमित ऊर्जा है बस उसे जगाने की जरूरत होती है। जिस दिन आप अपने अंदर की ऊर्जा को पहचान लेंगे, तो लक्ष्य भेदने की क्षमता आसान हो जाएगी। आपके सफलता की राह आसान हो जाएगी। करियर वर्कशॉप में हजारीबाग सेंटर की प्रबंधन टीम ने सिविल सेवा परीक्षा पाठ्यक्रम की पूर्ण जानकारी विद्यार्थियों को दी।
प्रबंधन टीम ने बताया कि चाणक्य आईएएस एकेडमी के संस्थापक चेयरमैन सक्सेस गुरु एके मिश्रा हजारीबाग के मूल निवासी हैं। यही वजह है कि सक्सेस गुरु हजारीबाग के प्रतिभा को निखारने के लिए खासतौर पर समर्पित हैं। संस्थान के बारे में बताते हुए टीम ने जानकारी दी कि चाणक्य आईएएस एकेडमी में यूपीएससी और जेपीएससी परीक्षा के पीटी, मेंस और साक्षात्कार की तैयारी कराई जाती है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ प्रतिस्पर्धी दृष्टिकोण विकसित करना है।


