जनसंपर्क का सार्थक उपयोग कर जनता को इम्पावर करें: सविता

रांची: जनसंपर्क पदाधिकारियों व कर्मियों का काम सिर्फ लोगों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उनकी प्रतिक्रिया लेने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आपका दायित्व है कि आप उनको सशक्त बनाएं। इससे आप राज्य के विकास में समाज के अंतिम पायदान में बैठे लोगों को भी सरकारी गतिविधियों में भागीदारी के लिए आगे लाने में सक्षम हो सकेंगे। उक्त बातें शनिवार को झारखंड राय यूनिवर्सिटी की कुलपति सविता सेंगर ने शनिवार को सूचना भवन में आहूत मोटिवेशनल कार्यशाला में कही। इस बाबत विभाग के सभी उप निदेशक, सहायक निदेशक, जिलों के जनसंपर्क पदाधिकारियों, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारियों व सोशल मीडिया पब्लिसिटी अफसरों ने भी अपनी राय साझा की।
कुलपति ने कहा कि हमें अपनी नौकरी के साथ ईमानदारी बरतना होगा व इसके साथ कार्यों को करने में अनुशासन बनाये रखना होगा। इसी से कार्य की सार्थकता व सफलता का दायरा बढ़ेगा। इसके अलावे हमें ये भी समझना जरूरी है, किये जा रहे कार्य का मकसद क्या है ? लक्ष्य प्राप्त होने पर क्या संतुष्टि मिलेगी ? उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए आपमें मोटिवेशन का होना जरूरी है। यह हमें एक्टिव रखता है और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है, लिहाजा हर व्यक्ति को चाहिए कि वह अपने में मोटिवेशन को खोजकर उसकी आधार पर काम करते हुये आगे बढ़े। कहा कि जीवन में मिलनेवाले अवसरों का आप फायद उठाएं, ताकि सीखकर भविष्य को बेहतर बनाया जा सके।
श्रीमती सेंगर ने कहा कि आज कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहां कम्यूनिकेशन की जरूरत नहीं है। यह सभी तरह के प्रोफाइल और जॉब का अहम अंग बन चुका है, लिहाजा प्रभावी कम्यूनिकेशन के लिए जरूरी है कि सही और सबसे सरल माध्यम का उपयोग करें। इससे आपने जो लक्ष्य निर्धारित कर रखा है, उस तक कम्यूनिकेशन करना काफी आसान हो जाएगा।
[URIS id=9499]

