बच्चों को संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान करें शिक्षक: शिक्षा मंत्री

शिक्षक दिवस पर 200 शिक्षक व 17 स्कूल सम्मानित
रांची: शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव ने कहा है कि शिक्षक समाज को दशा व दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं, लिहाजा उनसे अनुरोध है, कि बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा दें, ताकि आगे चलकर वे समाज व देश के बुनियाद को मजबूती प्रदान कर सकें। शिक्षा मंत्री गुरुवार को झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 200 शिक्षकों सहित 17 स्कूलों को भी सम्मानित किया।
इस बाबत दो शिक्षकों व प्रदेश व छह को जिला स्तर पर पुरस्कार प्रदान किया गया। राज्य स्तरीय पुरस्कार के रूप में 25-25 हजार और जिला स्तरीय पुरस्कार के रुप में 6 शिक्षकों को 15-15 हजार रुपये प्रदान किए गए। मंत्री ने सोलर साइकिल बनाने वाले उच्च विद्यालय लिट्टीपाड़ा पाकुड़ के छात्र सूरज कुमार को एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया। मंत्री ने इस अवसर पर पहली बार संताली भाषा में छपी पुस्तकों का विमोचन किया तथा दीक्षा पोर्टल की लॉंचिंग की। इस पोर्टल के माध्यम से बच्चे अब अपनी किताबें ऑनलाइन भी पढ़ सकेंगे। शिक्षा मंत्री नीरा यादव ने इस अवसर पर बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने का आह्वान शिक्षकों से किया। कहा, शिक्षक ऐसा कार्य करें ताकि विभाग को किसी शिकायत की आवश्यकता न पड़े।
जिन दो शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार दिया गया, उनमें मध्य विद्यालय द्वारी, गिद्धौर, चतरा के शिक्षक मनोज कुमार चौबे तथा मध्य विद्यालय विवेकानंद, देवघर की शिक्षिका श्वेता शर्मा शामिल हैं। इनमें राजेंद्र उच्च विद्यालय जारंगडीह बेरमो के संजय कुमार, मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा की शिल्पा गुप्ता, उत्क्रमित मध्य विद्यालय होरिलौंग, लातेहार के नंददेव राम, कदमा उच्च विद्यालय जमशेदपुर की शिक्षिका शिप्रा, मध्य विद्यालय असुरबांध, गिरिडीह के प्रवीण कुमार सिन्हा तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय टंडवा की ममता कुमारी शामिल हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More