सही शिक्षा सामाजिक बुराइयां खत्म कर सकती हैं: मुख्यमंत्री

शिक्षक वंदनीय हैं
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शिक्षक दिवस के मौके पर गुरुवार को राज्यभर के शिक्षकों को शुभकामना देते हुए कहा, कि शिक्षक वंदनीय हैं, लिहाजा वे अपने ज्ञान, तप व त्याग की गरिमा को बनाये रखें। कहा कि शिक्षा यदि सही तरीके से ग्रहण कर लिया जाय, तो ये समाज में फैले बुराईयों व कुरीतियों को जड़ से उखाड़ फेंकने का माद्दा रखती हैं। सीएम ने कहा कि पांच सितंबर के दिन मुझे अपने गुरुजनों की याद आ रही है। मैं हरिजन स्कूल भालूबासा में पढ़ाई करता था। मेरे शिक्षकों द्वारा दिये गये ज्ञान के कारण ही मैं आज प्रदेश के लिए कुछ कर पा रहा हूं।
कहा कि मैं बचपन से यही कहावत सुनकर बड़ा हुआ हूं कि भगवान हर जगह मौजूद नहीं हो सकते। इसलिए उन्होंने अपना प्यार सब तक पहुंचाने के लिए मां को बनाया। हमारे देश में मां को भगवान का दर्जा दिया जाता है। मां सिर्फ एक बच्चे को जन्म ही नहीं देती बल्कि एक शिक्षिका की तरह उसे जीवन से जुड़ी हर वो चीज सिखाती है, जिसकी मदद से उसके बच्चे के भविष्य की नींव मजबूत बन सके। बच्चे के पहले कदम से ही वह उसे आत्मनिर्भर बनाती है, साथ ही अच्छी बुरी बातों से अवगत भी कराती है। मैं आभार प्रकट करता हूं उन माताओं से जो अपने बच्चे को इस तरह की शिक्षा के साथ बड़ा करतीे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में गुरु-शिष्य परंपरा काफी पुराने समय से चली आ रही है। मैं नमन करता हूं प्रख्यात शिक्षाविद, भारत रत्न पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत योगदान दिया है। उनका कहना था कि “यदि सही तरीके से शिक्षा दी जाए तो समाज की बुराईयों को मिटाया जा सकता है”। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उनके जन्म दिन को हम सभी शिक्षक दिवस के रूप में मनाते हैं। मैं झारखंड वासियों से अनुरोध करता कि शिक्षकों का सम्मान करें और स्वयं शिक्षित हों और दूसरे को भी शिक्षित बनाएं। क्योंकि शिक्षा ग्रहण करने की कोई उम्र सीमा नहीं होती।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More