– नियमावली पर अनुमोदन 17 सितंबर की बैठक के बाद
– बातचीत के बाद पारा शिक्षकों ने आंदोलन स्थगित किया
– प्रशिक्षण परीक्षा करने हेतु 2020 तक अवधि
-विस्तार का राज्य सरकार केंद्र से करेगी अनुरोध
रांची: पारा शिक्षक प्रकरण पर सीएम अत्यंत संवेदनशील हैं व बहुत जल्द उनके मामलों पर तय समय सीमा के अंदर कार्रवाई की जाएगी। अप्रशिक्षित पारा शिक्षकों को प्रशिक्षण परीक्षा पास करने हेतु केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मार्च 2019 तक की समय सीमा को मार्च 2020 तक अवधि विस्तार देने के लिए राज्य सरकार केंद्र सरकार से अनुरोध करेगी। इसी तर्ज पर अप्रशिक्षित पारा शिक्षकों के मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ये बातें मंगलवार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल ने पारा शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई बैठक के दौरान कही।
डॉ वर्णवाल के साथ हुई बैठक के बाद पारा शिक्षकों ने संतोष व्यक्त करते हुए आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। वर्णवाल ने इन्हें कहा कि पारा शिक्षक नियमावली के अनुमोदन पर 17 सितंबर 2019 को मंत्री स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति की होने वाली बैठक पर विचार किया जाएगा। इसके बाद सहमति बनाते हुए नियमावली के अनुमोदन को शीघ्र जारी कर दिया जाएगा। कहा कि पारा शिक्षकों के अन्य सभी मामलों का पहले ही निराकरण किया जा चुका है।