रांची: स्थायीकरण समेत कई अन्य मांगों के समर्थन में राज्य के पारा शिक्षकों ने एकबार फिर आंदोलन तेज कर दिया है। इस बाबत गुरुवार को राज्यभर के पारा शिक्षकों ने जेल भरो आंदोलन अभियान का आगाज करते हुए हजारों की तादात में गिरफ्तारी दी। राजधानी में ये जिला स्कूल का मैदान में एकत्रित होने के बाद कचहरी परिसर जेल हाता होते हुए सदर थाना पहुंचे व गिरफ्तारी दी। तीन घंटे तक रखने के बाद इन्हें रिहा कर दिया गया।
रांची में गिरफ्तारी देनेवाले पारा शिक्षकों की संख्या 1300 के आसपास थी। आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश इकाई के सदस्य प्रदुमन कुमार सिंह और संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने किया। आंदोलन में मिथिलेश उपाध्याय, ऋषि कांत तिवारी, उपेंद्र पाठक और महेश कुमार मेहता के अलावा विभिन्न प्रखंड से आए हुए पारा शिक्षक शामिल हुए। पारा शिक्षकों का आरोप है कि सरकार पूर्व में हुई वार्ता के दौरान बनी सहमति को पूरा नहीं कर रही है। उन्हें न तो स्थाई किया जा रहा है और न ही अन्य कोई लाभ दिया जा रहा है। यहां तक कि पिछले 4 महीने से पारा शिक्षकों को मानदेय का भुगतान भी नहीं किया गया है।
रामगढ़ जिले में पारा शिक्षकों ने गुरुवार को जेल भरो अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से पारा शिक्षकों ने राज्य सरकार पर संघ के साथ हुए समझौते को लागू करने के लिए दबाव बनाया। पारा शिक्षक संघ के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल अध्यक्ष भागवत तिवारी ने कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर सरकार कोई पहल नहीं करती है तो 12 सितंबर को रांची आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का घेराव किया जाएगा। पूरे प्रदेश से पारा शिक्षक, तिरंगा झंडा लेकर रांची पहुंचेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक विनोद बिहारी महतो, प्रखंड अध्यक्ष मेहिलाल हांसदा, लालदेव रजक, कौशल चंद्र पटेल शामिल थे।