रांची के अखबार : हेमंत बोले चरमरायी अर्थव्यवस्था को कबतक केंद्र स्वीकार नहीं करेगा, कामगारों में आत्महत्या का मामला अधिक

रांची : हिंदुस्तान अखबार ने गुरुवार को लीड खबर दी है कि भारत सरकार ने पबजी सहित चीन के 118 मोबाइल एप पर प्रतिबंध लगा दिया. अखबार ने लिखा है कि भारत में पांच करोड़ से अधिक पबजी डाउनलोड हैं और 3.3 करोड से ज्यादा इसके एक्टिव यूजर्स हैं. इससे भारत को 8.8 करोड़ डाॅलर का वार्षिक राजस्व हासिल होता है. यह फैसला सरकार ने चीन से तनाव के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर लिया है. इनके द्वारा भारतीयों का डेटा लीक किए जाने से देश की सुरक्षा पर चिंता है.

झाखंड में 1065 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं और 11 लोगों की कोरोना से मौत हुई है. यह खबर है कि रांची के रातू में एक छात्रा से तीन नाबालिग सहित चार ने गैंगेरप किया.

अखबार ने दिल्ली से एक खबर दी है कि किसान से ज्यादा कामगार आत्महत्या कर रहे हैं. यह आंकड़ा राष्ट्रीय अपराध नियंत्रण ब्यूरो द्वारा 2019 के पेश किए गए डेटा पर आधारित हैं. 23.4 प्रतिशत आत्महत्या प्रतिशत कामगारों का है, जबकि किसानों-छात्रों का 7.4 प्रतिशत. सुप्रीम कोर्ट ने ब्याज को लेकर सुनवाई करते हुए कहा है कि ब्याज पर ब्याज लेना कर्जदारों के लिए दोहरी मार है और ऐसा करके उन्हें दंडित नहीं किया जा सकता है. लातेहार में टाना भगतों ने रेलवे ट्रैक और हाइवे जाम कर दिया. पांच जिलों के टाना भगतों ने चंदवा में ऐसा किया.

अंदर के पन्ने पर यह खबर है कि विधानसभा का मानसून सत्र 18 से 22 सितंबर के बीच चलेगा. इस सत्र के दौरान प्रश्नकाल नहीं होगा. बिहार के बाराचट्टी की विधायक समता देवी को कोरोना गाइडलाइन उल्लंघन के आरोप में 14 दिन के लिए क्वारंटीन किए जाने की भी खबर है. वे लालू प्रसाद यादव से मिलने रांची आयी थीं.

प्रभात खबर ने भी आज लीड खबर पबजी सहित 118 चीनी एप को बैन किए जाने को बनाया है. इसका शीर्षक है चीन के खिलाफ फिर एक्शन, पबजी सहित 118 एप हुए बैन. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान है कि चरमायी अर्थव्यवस्था को कबतक केंद्र स्वीकार नहीं करेगा. अखबार ने रातू में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप की खबर दी है.

अखबार के कवर पेज 2 पर लीड खबर है कि मानसून मेहरबान, पर 70 प्रतिशत पानी हो रहा है बर्बाद. अखबार ने लिखा है कि 15 से 20 दिन और मानसून की बारिश होगी लेकिन योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं होने से यह पानी नहीं रोका जा सकेगा. अखबार ने यह खबर भी दी है कि कोरोना संक्रमित का शव ले जाने के लिए निजी एंबुलेंस की दर तय कर दी गयी है और इसके लिए विभिन्न मदों के लिए 1400 रुपये सहित शुरुआती दस किलोमीटर के लिए 500 रुपये तय किया गया है.

अखबार ने राज्य में यूरिया की कमी की खबर दी है और खरीफ मौसम में 266 रुपये का यूरिया 500 रुपये में बिक रहा है. 18 से विधानसभा के मानसून सत्र का प्रस्ताव है और इसके लिए गाइडलाइन सख्त होगी. केंद्र सरकार ने सरकारी अफसरों को कर्मयोगी बनाने की एक नयी पहल शुरू की है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More