पाकिस्तान में बड़ा हादसा : सिंधु नदी में पलटी नाव, 23 की मौत व 26 अन्य लापता

नयी दिल्ली/इस्लामाबाद : पाकिस्तान में एक बड़ा हादसा हो गया। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सिंधु नदी में एक नाव पलट गयी जिससे 23 लोगों की मौत हो गई वहीं 26 अन्य लापता हैं। जबकि स्थानीय लोगों द्वारा 45 लोगों को बचा लिया गया है और लापता लोगों की खोजबीन की जा रही है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस दुर्घटना पर दुख और संवेदना व्यक्त की है।

मृतकों की पहचान शबाना (18), हमीदान (22), अल्लाह दानी (14) के रूप में की गयी है, जबकि अन्य कि पहचान की कोशिश की जा रही है। वहीं, बचाए गए लोगों में अकरम, रमजान, लुकमान और अमीन शामिल हैं।

घटना के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि सोमवार की शाम नाव पलटने की घटना हुई है। अधिकारियों के अनुसार नाव में क्षमता से अधिक लोग सवर थे। नाव में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। स्थानीय लोग 45 लोगों को बचाने में कामयाब रहे, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार सोलंगी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले हुसैन काला की बारात खरोरवाली की रोझन तहसील के मच्छका से सरदारपुर जा रही थी, तभी हादसा हुआ। नाव पलटने की सूचना जैसे ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को मिली उन्होंने तुरंत अधिकारियों और पुलिस को घटनास्थल की ओर भेजा और बचाव अभियान शुरू किया गया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More