बाबूलाल ने एक दिन में 93 कोरोना संक्रमित मिलने पर जतायी चिंता, सीएम को पत्र में लिखी ये बातें

रांची : विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने राज्य में एक साथ 93 कोरोना संक्रमितों के मिलने की खबर पर चिंता जतायी है और कई सवाल उठाने के साथ सुझाव भी दिया है. बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि राज्य में एक दिन में अब तक का सर्वाधिक 93 कोरोना संक्रमित का पाया जाना घोर चिंता का विषय है. एक दिन में इतनी तादाद में संदिग्धों का मामला सामने आना राज्य के लिए कतई अच्छा संकेत नहीं है.

एक तो राज्य में अपेक्षित जांच नहीं हो रही है. कांट्रेक्ट ट्रेसिंग बंद कर दिया गया है. प्रवासी मजदूर जो आ रहे हैं, उनका कोई ठौर-ठिकाना नहीं है. प्रवासी मजदूर कहां से आ रहे हैं, कहां क्वारंटीन कराया जा रहा है. इसका सही आंकड़ा सरकार के पास नहीं है. केवल ट्रेन-विमान से आने वाले ही प्रवासी मजदूर नहीं हैं, बल्कि दूसरे संसाधनों के अलावा पैदल भी ये काफी संख्या में वापस अपने घर लौटे हैं. क्वारंटीन सेंटर की व्यवस्था किसी से छिपी नहीं है. जहां क्वारंटीन केंद्र बनाए भी गए हैं वहां की कुव्यवस्था की खबरें प्रतिदिन देखने.सुनने को मिल ही रही हैं. कहीं खाना नहीं मिल रहा है तो कहीं सुविधाओं का अभाव है. 14000 से अधिक जांच सैंपल पेंडिंग बताए जा रहे हैं. ऐसा लग रह रहा है कि सैंपल लेने में भी कोताही बरती जा रही है. अब सवाल स्वाभाविक है कि ऐसी लचर व्यवस्था से भला सरकार कोरोना को कैसे परास्त कर पाएगी. ऊपर से संक्रमण का इस प्रकार लगातार बढ़ना बड़े खतरे की घंटी है. यह तो जो जांच हो रही है या जो नमूने लिए गए हैं उसका आंकड़ा है. कोरोना का जैसा स्वभाव है उसे देखते हुए अंदेशा व चिंता होना स्वाभाविक है कि पता नहीं और कितनी संख्या में बिना जांच के कोरोना संदिग्ध कहां विचरण कर रहे हैं और कौन-कौन इसकी जद में आ रहा है. भगवान करे, जो सरकार प्रस्तुत कर रही है वही आंकड़ा वास्तविक हो.

कई बार आपका और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री का बयान आया कि हम जांच की गति तेज करेंगे परंतु सारे दावे अखबारों की सुर्खियों तक ही सिमटकर रह गए. यह खतरनाक स्थिति का संकेत है. राज्य में सस्ती लोकप्रियता के सारे काम हो रहे हैं. परंतु इस वैश्विक महामारी में लोगों की जान बचाने एवं महामारी को रोकने की दिशा में गंभीर प्रयास होने चाहिए उस पर किसी का ध्यान नहीं है. जहां तक जानकारी मिल रही है कि अब जांच केवल वही हो रही है जो करना या कराना मजबूरी है. राज्य सरकार बचाव की दिशा में अविलंब गंभीर प्रयास करे नहीं तो राज्य गंभीर संकट में फंस जाएगा.

बाबूलाल ने लिखा है कि मुख्यमंत्री जी, आपसे अनुरोध है कि जांच की गति बढ़ाइए, क्योंकि अगर यही रफ्तार रहा तो काफी विकट स्थिति होगी. सबसे प्राथमिकता आपकी जांच, सोशल डिसटेंन्स होनी चाहिए परंतु इसके नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है. इस मामले में थोड़ी भी लापरवाही राज्य की जनता की दो माह की कठिन तपस्या को मिट्टी में मिला सकती है और भगवान न करे कि कोरोना ग्रस्त गंभीर मरीजों को भी अस्पताल में जगह न मिले और लोग लाइलाज मरने लगे. उन्होंने मुख्यमंत्री से उम्मीद जतायी है कि वे उनके पत्र को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More