प्लीज, मतांतर को कभी भी मनभेद मत बनाइए!!

IS: AI generated
मतांतर तो एक सुंदर-सी विविधता है मनुष्यों के बीच।

लेखक: राजीव थेपड़ा

मतांतर को विरोध ही समझना नितांत अनुचित है!! आखिर सामने वाले का भी तो कोई तर्क है, कोई बुद्धि है ना!! उसको ढपोरशंख मानकर तो बात की ही नहीं जा सकती ना!! यह भी हो सकता है कि उसको उस पार्टिकुलर सब्जेक्ट की वैसी जानकारी ना भी हो, जैसी कि आपको है। किंतु इसका उल्टा भी तो हो सकता है ना!? यह भी तो हो सकता है कि जो वह कह रहा हो, उसे आप भी ना जानते हों।

हम जब भी किसी से बात/मंत्रणा करते हैं, तब यदि वह किसी बहस का रूप धारण कर लेती है, तो वह बात/मंत्रणा सहज नहीं रह जाती। जब तक हम केवल बतियाते होते हैं, तब तक हमारी आपसी बातचीत में किसी के विरुद्ध होने जैसी कोई भावना नहीं होती। लेकिन जैसे ही कोई बात बहस के रूप में परिवर्तित होती है, वैसे ही हमारे भीतर हमारा खुद का ईगो जागृत हो उठता है और उसके पश्चात हम कभी यह नहीं चाहते कि हमने जो बोला है, हम उससे पीछे हट जाएँ (भले ही हमने गलत ही क्यों ना बोला हो!!)। किंतु जैसा आप सोच रहे हैं, ठीक वैसा ही सामने वाला भी तो सोच रहा हो सकता है!? और हमारी यही भावना, यानी दोनों पक्षों की यही भावना, हमें एक झूठ-मूठ के मतांतर की तरफ ले जाती है!

प्रायः यह भी हुआ करता है कि दोनों पक्ष संभवतः बात तो एक जैसी ही कर रहे होते हैं, किंतु उनके शब्दों में थोड़ा हेर-फेर भर होता है और उसका भावार्थ एक-सा होते हुए भी केवल कुछेक शब्दों में हेर-फेर की वजह से वह हमें एक-दूसरे के विरुद्ध जैसे कुछ प्रतीत होने लगते हैं। यद्यपि यह भी हमेशा उतना सही नहीं भी होता!!

जिसकी जितनी चाकरी, उतने उसके दाम!!

मैं यहाँ नितांत विरोधी ध्रुवों का पुल हूँ।

सवाल गलत-सही से ज्यादा व्यक्ति और मनुष्यता की गरिमा का भी तो है। यदि हमें किसी का तर्क उचित न लगे, तो क्या हम उससे गरियाने वाली भाषा में बात करें? क्या हमसे अलग मत रखने वाला आदमी ही गलत है? और क्या हर चीज के बस परस्पर विरोधी दो ही ध्रुव हैं, जिनको आपस में लड़ना भर है? ईश्वर ने जिस तरह विविध वस्तुओं का सृजन किया है, उसी तरह क्या विविध तरह के विचारों का भी नहीं? जिस चीज को हम परस्पर विरोध ही समझते हैं, क्या वो हमारे विकसित होने के लिए परस्पर घर्षण तो नहीं?

और अब रही जूतम-पैजार की बात! तो अगर सामने वाला गलत मात्र है, तो उसका सामना तर्क से ही क्यों न किया जाए! हाँ, अगर साथ में वो अभद्र भी हो, तब भी उसके साथ अभद्रता करना अपनी मूर्खता ही होगी ना! क्योंकि सामने वाला तो अपने स्वभाव में है ही!! अब अगर आप भी उसके संग उसी तल पर उतरना अपनी बुद्धिमत्ता समझते हो, तो आपकी मर्जी!! मगर इससे कोई हल नहीं प्राप्त होने को!! क्योंकि ये रास्ता एक अंतहीन बेहयाई की ओर जाता है!! मेरे हिसाब से बहुत बार जवाब न देना ही सबसे बड़ा जवाब है, बजाय अभद्र जवाब देने के!

इसीलिए मैं हर ऐसी जगह जवाब देना मटिया जाता हूँ, जहाँ मुझे “सुतियापे” वाली भाषा प्रयुक्त करनी पड़े! क्योंकि हम हर बार बात को ऐसी जगह पर पहुँचाकर ही दम लेते हैं, जहाँ दूसरे का तिरस्कार हो और हमारा दंभ कुछेक फीट और ऊँचा उठ जाए!! और मजा यह कि हममें यह स्वीकार भाव भी नहीं कि वास्तव में हम खुद भी उतने ही दंभी हैं, जितना कि हम खुद सामने वाले को बता रहे हैं!! जो कि सही हो भी सकता है और नहीं भी!!

किंतु क्या है कि तर्क के इन आगम और निगम से किसी भी व्यक्ति का अहंकार पुष्ट होता जाता है और आदमी मनुष्यता को पुष्ट करने के बजाय यह सोचकर इतराता जाता है कि वो जीत गया!!

और इस तरह से मनुष्यता, किसी भी व्यक्ति या संगठन की वैयक्तिक अथवा सांगठनिक वैचारिक हिंसा से सदा ध्वस्त होती रही है और न जाने कब तक होती रहे!! क्या हम सब इन विषयों पर तनिक भी विचार करना चाहते हैं? क्या हमारी दृष्टि इन विषयों पर कभी भी जाती है? हमारे व्यक्तित्व के विकास हेतु इन सब पर सदैव उतनी ही पैनी और सतर्क दृष्टि डलती रहनी अत्यावश्यक है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More