गांधी जयंती विशेष: झारखंड की माटी से बापू का रहा गहरा रिश्ता, जानिए शहादत से जुड़ा इतिहास

झारखंड से महात्मा गांधी के ऐतिहासिक जुड़ाव को दर्शाती गांधीजी की तस्वीर।
झारखंड की पावन माटी और बापू का गहरा रिश्ता

आज पूरा देश महात्मा गांधी की जयंती मना रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार और उनके आंदोलन न केवल भारत को आजाद कराने में सहायक बने, बल्कि समाज सुधार की एक नई राह भी दिखाई। इस पावन अवसर पर जहां बापू के देशव्यापी योगदान को याद किया जा रहा है, वहीं झारखंड (तब के बिहार) की धरती से उनके गहरे जुड़ाव और इतिहास के उस काले पन्ने को भी खंगालना जरूरी है, जब नाथूराम गोडसे ने उनकी जान ले ली थी।

झारखंड के आचरण, यहां की संस्कृति और आदिवासियों से महात्मा गांधी खासे प्रभावित थे। इतिहास के पन्नों को पलटें तो गांधीजी ने 1917 से 1940 के बीच कुल 12 बार इस क्षेत्र का दौरा किया था। महात्मा गांधी लगातार दौरा कर यहां के मुद्दों और परेशानियों से लगातार अवगत हो रहे थे। गांधीजी पहली बार 4 जून 1917 को रांची आए थे। वे चंपारण सत्याग्रह के सिलसिले में बिहार-उड़ीसा के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर सर एडवर्ड अल्बर्ट गेट से मिलने पहुंचे थे। इस यात्रा के दौरान वे आड्रे हाउस में ठहरे और यहीं रहकर चंपारण आंदोलन की ऐतिहासिक रूपरेखा तैयार की गई।

असहयोग आंदोलन और तना भगत

वर्ष 1920 में रांची आगमन पर बापू ने विदेशी वस्त्रों की होली जलाई। इसी दौरान उन्होंने स्थानीय स्वाधीनता सेनानियों यानी तना भगतों से मुलाकात की, जो जीवनभर गांधीवादी सिद्धांतों पर चलते रहे। इसके बाद 1921 और 1927 में उन्होंने धनबाद और झरिया का भी दौरा किया। 1925 में गांधीजी बाबानगरी देवघर गए, जहां उन्होंने अस्पृश्यता के खिलाफ जोर-शोर से आवाज उठाई। इसी यात्रा के तहत उन्होंने हजारीबाग के सेंट कोलंबा कॉलेज, चाईबासा, गिरिडीह और चक्रधरपुर का दौरा कर जनचेतना जगाई।

जमशेदपुर और मजदूर आंदोलन (1922, 1934, 1940)

मजदूरों के प्रति गांधीजी का विशेष लगाव था। 1922 में उन्होंने टाटा स्टील के मजदूरों की हड़ताल को शांतिपूर्वक समाप्त कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई। 1934 में उन्होंने यहां नेशनल यूनिवर्सिटी के लिए चंदा भी एकत्रित किया था। मार्च 1940 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का रामगढ़ अधिवेशन हुआ। इसमें शामिल होना झारखंड की धरती पर बापू की अंतिम और सबसे लंबी यात्रा थी, जहां वे लगभग 10 दिनों तक रहे थे। गांधी जयंती के इस अवसर पर जहां उनके झारखंड से जुड़े ऐतिहासिक संस्मरण हमें उनके विराट व्यक्तित्व की याद दिलाते हैं, वहीं उनकी शहादत देश को हमेशा शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे की रक्षा करने की सीख देती है।

गोडसे ने गांधी को क्यों मारा?

वैचारिक मतभेद और हत्या की वजह

सत्य और अहिंसा के बल पर अंग्रेजों की नींव हिलाने वाले महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को दिल्ली के बिरला हाउस में नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अदालत में मुकदमे के दौरान गोडसे ने गांधीजी को मारने के पीछे कई राजनीतिक और वैचारिक कारणों का उल्लेख किया था। सबसे पहले देश का विभाजन, तुष्टिकरण, पाकिस्तान को आर्थिक मदद और सांप्रदायिकता का मामला सामने आता है।

नाथूराम गोडसे का मानना था कि देश के विभाजन और उसके बाद भड़के दंगों में लाखों हिंदुओं व सिखों की जान जाने के लिए गांधीजी की नीतियां जिम्मेदार थीं। गोडसे का आरोप था कि गांधीजी ने विभाजन को रोकने के लिए दृढ़ कदम नहीं उठाए। गोडसे का मानना था कि महात्मा गांधी मुस्लिमों की राजनीतिक मांगों के प्रति अत्यधिक नरम रुख (तुष्टिकरण) अपना रहे थे, जिससे बहुसंख्यक समाज के हितों को नुकसान पहुंच रहा था।

विभाजन के बाद दोनों देशों के बीच फंड बंटवारे के तहत पाकिस्तान को 55 करोड़ रुपये देने थे। कश्मीर युद्ध छिड़ जाने के कारण तत्कालीन भारत सरकार इस राशि को रोकने के पक्ष में थी। परंतु, गांधीजी ने इस वादे को निभाने और दिल्ली में सांप्रदायिक सद्भाव बहाल करने के लिए आमरण अनशन शुरू कर दिया। सरकार को झुकना पड़ा और राशि जारी कर दी गई। गोडसे ने इसे भारत के हितों के साथ समझौता माना और इसी गुस्से में उसने बापू के सीने में तीन गोलियां दाग दीं।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More