रांची से प्रकाशित होने वाले अखबारों की आज की सुर्खियां, नियमों को ताक पर रख कर रिम्स में खरीदारी

रांची से प्रकाशित होने वाले अखबारों ने आज अलग-अलग खबरों की सुर्खी बनाया है. प्रभात खबर ने छठ को लेकर ट्रेन एवं बसों में बढी भीड़ को लीड स्टोरी बनाया है. अखबार ने हेडिंग दिया है – बिहार जाने वाली ट्रेनें एवं बसें फुल, दोगुने पैसे में भी नहीं मिल रही सीट. प्रभात खबर ने धौनी के रिटायमेंट की अफवाह सोशल मीडिया पर वायरल होने को भी पहले पन्ने पर टाॅप बाॅक्स में जगह दी है. इसके साथ ही इस अखबार ने रिम्स मेे नियमों को ताक पर रख कर 30 करोड़ रुपये की खरीदारी की खबर दी है.
अखबारों में छठ घाटों की सफाई व तैयारी की भी खबरें प्रमुखता से हैं. प्रभात खबर ने इससे संबंधित अव्यवस्था की जमीनी पड़ताल की स्टोरी छापी है. रांची के हनुमान नगर में एक फ्लैट में सैक्स रैकेट संचालन की खबर भी इस अखबार ने दी है.
हिंदुस्तान ने रांची से एक विशेष खबर प्रकाशित की है – जातीय कारणों से 15 प्रतिशत बच्चे नहीं खाते हैं मिड डे मी. यह बात राज्य सरकार द्वारा कराये गये सोशल आॅडिट में सामने आयी है. हजारीबाग के कटकमसांडी में उग्रवादियों द्वारा कोयला लदे छह वाहन को फूंके जाने की खबर को अखबार ने पहले पन्ने पर जगह दी है. अखबार ने खबर दी है कि बिरसा कृषि विश्वविद्यालय अधिक प्रोटीन युक्त धान की खेती करेगा. इस अखबार ने छठ में तीन और स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की भी खबर दी है.
महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर तकरार को दैनिक भास्कर ने लीड खबर बनाया है और इसे हेडिंग दिया है – सत्ता पर जुबानी ग्रहण. इसके साथ ही इस अखबार ने पहले पन्ने पर खबर दी है कि जेपीएससी सातवीं, आठवीं एवं नौवीं पीटी एक साथ आयोजित करेगी. अखबार ने खबर दी है कि तीन नवंबर के बाद आयोग की टीम आएगी और उसके बाद चुनाव की घोषणा हो जाएगी.


