व्रती दे सकेंगे डढ़वा नदी में अर्घ्य

देवघर: छठ की महिमा अपरमपार है और इसकी जिले में इसकी चहल-पहल शुरू हो गई है। देवघर की लाइफ लाइन और सबसे बड़े छठ घाट डढ़वा नदी में इस बार श्रद्धालुओं को बहते हुए कल कल धारा में छठ पर्व करने का मौका मिलेगा। विगत 5 सालों में पहली बार लगातार बारिश से ऐसा हो सका है।
गौरतलब है कि हर बार यहां पानी भर कर छठ पूजा का अर्घ्य दिया जाता रहा है, लेकिन इस बार बारिश से हालात बदल चुके हैं और व्रती कल-कल धारा में पूजा कर सकेंगे। नगर निगम के जोनल चेयरमैन के सहयोग से डढ़वा नदी को तैयार किया जा रहा है, लेकिन समस्या बनी हुई है कि यहां छठ पूजा समिति को भंग कर दिया गया है।
ऐसे में लोग अपने स्तर से प्रयासरत हैं। निगम से यहां घाट के रंग-रोगन करने की मांग हो रही है, लेकिन जिला प्रशासन व नगर निगम इस पर खास फोकस नही कर रहा है। फिलहाल पार्षद और पुराने समिति के सदस्यों द्वारा अपने स्तर से तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। बता दें कि स्थानीय लोग 1 महीने पहले से ही घाट बनाने का काम शुरू कर देते हैं। इसके बाद वे अपने नाम की तख्ती घाटों पर लगाते हैं। अब तक 50 से अधिक घाटों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।


