भाजपा को झारखंड विस में मिलेगी 65 प्लस सीट: अर्जुन मुंडा

रांची: जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने इस बार भी जमशेदपुर स्थित अपने आवास घोड़ाबांधा में काली पूजा का आयोजन किया है। इस मौके पर आहूत पूजन कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई भाजपाईयों व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पहुँचकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
बाद में पत्रकारों से हुई अनौपचारिक बातचीत के दौरान श्री मुंडा ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा में भाजपा को सीटें कम जरुर मिली हैं, लेकिन वोट प्रतिशत कम नहीं हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड में वे 65 प्लस सीटों को लेकर पूरी तरह से आशान्वित हैं। श्री मुंडा ने कहा कि भाजपा में शामिल होनेवाले विभिन्न दलों के नेताओं को उचित सम्मान मिलेगा। उन्होंने इस बाबत सोहराय, भाईदूज, चित्रगुप्त पूजा और कालीपूजा पर्व के मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।


