खेलकूद जीवन का अभिन्न अंग: राजेश

कोडरमा: लखीबागी स्थित जेके इंटरनेशनल स्कूल में मासिक खेलकूद प्रतियोगिता आहूत की गई। इस बाबत बच्चों को खेल के नियम की जानकारी दी गई। मौके पर कक्षा नर्सरी से यूकेजी के बच्चों हेतु म्यूजिकल चेयर व गणित दौड़ का आयोजन किया गया। सीसीए कार्यक्रम के तहत क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता आहूत की गई। बच्चों ने अपने पसंद के फल, फूल, पशु, पक्षी, घरेलू सामानों व वाद्य-यंत्रों को मिट्टी से आकार देकर उनमें खूबसूरत रंग भरकर अपने क्षमता व दक्षता से सबका मन मोह लिया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को निदेशक राजेश कुमार व प्राचार्य अमलेश्वर कुमार ने पुरस्कृत किया।
निदेशक राजेश ने इस बाबत कहा कि खेलकूद हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है। जैसे बंद पड़े मशीनरियों के कल-पुर्जों में जंग लग जाती है, उसी प्रकार बिना खेलकूद के हमारा शरीर भी बेकार व अनुपयोगी हो जाता है। कहा कि हमारा प्रयास है कि बच्चों को सिर्फ किताबी कीड़े न बनाकर उनके स्वास्थ्य व आंतरिक प्रतिभा को निखार सकें। इस बाबत कक्षा प्रथम से कक्षा सप्तम तक के छात्रों ने भी विभिन्न प्रकार के खेलकूद में शामिल हुए।
खेलकूद के तहत लंबी दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, खो-खो कराटे, गणित व अंग्रेजी दौड़, भाषण तथा योगासनों एवं गीत- संगीत तथा नृत्य का आयोजन किया गया। सीसीए कार्यक्रम के तहत दीया मेकिंग व डेकोरेशन तथा रंगोली मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी छात्रों ने बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लिया। कक्षावार खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे बच्चों को बुक नोटबुक डायरी पेन पेंसिल तथा अन्य सामग्री देकर पुरस्कृत किया गया। शेष सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनकी हौसला अफजाई की गई। सीसीए प्रतियोगिता में विजयी बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।
मौके पर शिक्षकगण राजेंद्र प्रसाद, सुरेंद्र कुमार, गौरव कुमार सिन्हा, सौरव कुमार एवं शिक्षिकाएं कुमारी कविता, मौसमी देवी, संजना भारती, रिजवाना परवीन, सोनम कुमारी श्वेता सिन्हा, मानसी शर्मा, विनीता कुमारी के अलावे अभिभावक व बच्चे मौजूद थे।


