राजधानी मां काली की भक्ति में लीन, हर ओर मंत्रोच्चार

रांची: राजधानी में मां काली के आहवान के साथ पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार गूंज रहे हैं। राजधानी में 1989 से पूजा का आयोजन कर रही किशोरगंज हरमू रोड स्वागत समिति द्वारा इस बार भी अपनी भव्यता को लेकर सुर्खियों में है। काली पूजा के दौरान विगत 9 वर्षों से यहां महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जो विभिन्न थीम पर आधारित होता है। इस बार पूजा के बाबत कश्मीर हेतु प्रार्थना की गई है। यहां मां को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगातार उमड़ रही है।
महाआरती का थीम रखा गया है नया कश्मीर रच रहा देश। पूजा समिति के अध्यक्ष प्रेम बर्मा का कहना है कि युवाओं को बुरी लत से उबारने के लिए पूजा का आगाज किया था, जो आज के दिन चरितार्थ होता दिखलाई पड़ रहा है। 51 महिलाओं से महाआरती की शुरुआत आज के दिन 1101 तक पंहुच चुकी हैं। पूजा समिति के बैनर तले गरीब बच्चियों का कन्यादान भी किया जाता है। आपकों बता दें कि इस बार हरमू रोड सहित कांके रोड में रॉक गार्डन के समीप पंचवटी काली पूजा क्लब, रातू रोड में नव जागृति क्लब, रातू रोड के देवी मंडप रोड में काली पूजा समिति, हरमू रोड के कमलाकांत मार्ग में काली पूजा समिति, हरमु मैदान, अशोक नगर रोड 4, वर्धमान कंपाउंड में कॉसमस क्लब, थड़पखना में अग्रदूत क्लब, महावीर चौक और बाजारटाड़ में नारी सेना द्वारा भी काली पूजा का आयोजन किया गया है, जहां लोगों का हंजूम पंडालों व कलाकृति को देखने के लिए उमड़ रहा है।
रांची के लोअर चुटिया के नव जागृति संघ काली पूजा समिति द्वारा आयोजित पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं को बौद्ध संस्कृति की झलक लुभा रही है। इसमें भूटान बौद्ध मंदिर, गया बौद्ध मंदिर सहित दुनियाभर के तमाम बौद्ध मंदिरों को एक स्थान पर समेटा गया है। पंडाल के ऊपर ध्यान मुद्रा में भगवान बुद्ध की 18 फीट की प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। परिसर में ही बोधि वृक्ष की प्रतिकृति भी लगाई गई है। पंडाल के बाहरी भाग में भगवान बुद्ध के अलावा तिब्बतियन देवी-देवताओं की आकृति लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी है। बौद्ध संस्कृति के अनुरूप पंडाल की बाहरी व भीतरी साज-सज्जा की लोग खूब प्रशंसा कर रहे हैं।


