धोखाधड़ी से जनता गुमराह नहीं होती: हेमंत
रांची: झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा के चुनावी परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जनता को किसी भी कीमत पर गुमराह नहीं किया जा सकता है। धन तंत्र व राजनीतिक धोखाधड़ी से सफलता हासिल नहीं की जा सकती है।
हेमंत ने कहा कि विधानसभा चुनावों का परिणाम इस बात का संकेत दे रहा है कि बेरोजगारी की बढ़ती तादात और आर्थिक मंदी हर घर में महसूस की जा रही है। कहा कि किसानों के साथ भी लगातार धोखा किया जा रहा है। झारखंड में सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। ऐसे में लोगों का मन मौजूदा सरकार से टूट गया है।
आज के दिन लड़ाई लूटनेवाले और जनता के लिए संघर्ष करनेवालों के बीच की है। हेमंत ने कहा कि भाजपा में जनता को धोखा देकर जाने वाले विधायकों ने आत्महत्या करने का काम किया है। सोरेन ने कहा कि हमारे राजनीतिक सहयोगी को इस बाबत मैं शुभकामना देता हूं। एक बार फिर झारखंड में खरीद- फरोख्त का उदाहरण चरितार्थ हुआ है।


