सीएम के कार्यक्रम में उड़ी बाल नियमों की धज्जियां, स्वागत में खड़े कर दिए गए स्कूली बच्चे

गिरिडीह : मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत किसानों को दूसरी क़िस्त के वितरण समारोह से पहले गिरिडीह में बाल नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गयी। तमाम नियम और कानून को ताक पर रखते हुए यहां सीएम के आगवानी में छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को सड़क किनारे, भाजपा का टोपी पहनाकर खड़ा करा दिया गया। जिसको लेकर शहर में चर्चा का माहौल है। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी नाराजगी जता जा रहे हैं। बच्चों को टोपी पहनाकर ऐसे सड़क किनारे स्वागत को लेकर खड़ा करा दिए जाने पर लोग खूब भर्त्सना कर रहे हैं ।
बता दें गिरिडीह स्टेडियम समेत ज़िले भर में कई कार्यक्रमों में भाग लेने सीएम का उड़न खटोला बुधवार को गिरिडीह के बोड़ो स्थित हवाई अड्डा में उतरा। हवाई अड्डा में पार्टी नेताओं के जोरदार स्वागत के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग के जरिये स्टेडियम पहुंचे। इसी दौरान अलकापुरी चौक पर इन बच्चों को मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए खड़ा किया गया था। हालांकि ये कह पाना मुश्किल है आखिर किसके आदेश पर बच्चों को किसी दल का टोपी पहनाकर स्वागत में खड़ा करवाया गया था।
सुर्खियों में रहता है सीएम का गिरिडीह दौरा
बता दें कि पूर्व में भी सीएम का गिरिडीह दौरा चर्चाओं से भरा रहा है। इससे पूर्व झंडा मैदान में आयोजित सीएम के कार्यक्रम में काला दुपट्टा उतरवाए जाने के मामले ने खूब सुर्खियां बटौरी थी। वहीं विपक्ष ने इस मामले को विधानसभा में उठाकर आलोचना की थी। एक बार फ़िर सीएम के आगमन पर बच्चों को टोपी पहनाकर स्वागत किये जाने का मामले सुर्ख, गर्म और चर्चा तेज़ है। अब देखना होगा विपक्ष इस मसले पर क्या कुछ कहता है। वहीं इस कृत्य पर बाल कल्याण मंत्रालय कोई संज्ञान लेता है या नहीं यह भी देखने वाली बात होगी।


