रांची/कोडरमा/हजारीबाग/गिरिडीह: मुख्यमंत्री रघुवर जोहार जन आशीर्वाद के दौरान विपक्ष पर पूरी तरह से हमलावर मूड में दिखे और एक के बाद एक जोरदार वाक हमले किए। कहा कि झामुमो ने झारखंड को बेचने का काम किया है, जबकि कांग्रेस ने इसे चारागाह बनाया है। विधानसभा चुनाव आ गया है, ये दोनों पार्टियां अपने शासनकाल का हिसाब दें। कहा कि बदलाव झारखंड में दुमका से शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव में शिबू सोरेन हारे अबकी चुनाव में झारखंड से झामुमो का सफाया होगा।
सीएम ने कहा कि 364 दिन शिबू सोरेन को पिंजड़े में रखने वाला बेटा उन्हें चुनाव आने पर पिंजड़ा से मुक्त करता है। बिना नाम लिए उन्होंने हेमंत की तुलना औरंगजेब से की। रघुवर दास ने कहा कि हमने पांच साल जनता की सेवा की है व आज रिपोर्ट कार्ड देकर मजदूरी मांगने आए हैं। सीएम रविवार को जमुआ विधानसभा क्षेत्र के रेम्बा मोड़ मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि 2022 तक झारखंड के हर घर में पाइप से जलापूर्ति की जाएगी। सभी गाँवों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। डबल इंजन की सरकार ने गैस चूल्हा एवं दो-दो सिलेंडर का पैसा दिया है। उन्होंने कृषि सम्मान योजना को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होने कहा कि प्रज्ञा केंद्र नि:शुल्क पांच लाख का आयुष्मान कार्ड बनाएगा।
आधी आबादी को उसका हक दिलाने का काम भाजपा की सरकार कर रही है। हर गांव में सखी मंडल बनाया जा रहा है। बैंकों से लोन दिलाकर इन महिलाओं को स्वावलंबी बनाया जाएगा। 50 लाख तक की संपति महिला खरीदेगी तो उसे रजिस्ट्री में मात्र एक रुपए लगेंगे। कन्या दान के पहले विद्या दान जरूरी है। बेटियों को पढ़ाने की सुविधा सरकार दे रही है। उन्होंने बेटी और बेटा में फर्क नहीं करने का आह्वान किया।
जनसभा को कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक केदार हाजरा, प्रणव वर्मा, जिप उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, अशोक उपाध्याय सहित कई लोगों से संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने की। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री की जोहर जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हुई । इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री को देखने व सुनने जगह-जगह लोग उमड़ पड़े। प्रशासन ने सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया है।
हाजरा का विरोध: मुख्यमंत्री रघुवर दास के सामने ही भाजपा समर्थकों ने विधायक केदार हाजरा का विरोध किया। इनका कहना था कि इस बार उन्हें पार्टी टिकट नही दें।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री रघुवर दास के कोडरमा पंहुचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। बरियरडीह मोड़ पर स्वागत के बाद उनका काफिला सभा स्थल की ओर बढ़ा तो शिक्षा मंत्री नीरा यादव, जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनकी आगवानी की। मुख्यमंत्री ने थोड़ी दूर पैदल चल कर भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया व इसकी क्रम में कई महिलाओं से बातें की। मुख्यमंत्री भाया गिरिडीह, कोडरमा जिले में प्रवेश किया व दोपहर सवा दो बजे वे मरकच्चो प्रखंड के बरियारी पहुंचे। इस बाबत उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया।