सीबीआई जांच की मांग
कोडरमा: मरकच्चो थाना क्षेत्र के कदोडीह पंचायत के ग्राम मंझलाडीह में एक 7 वर्षीय बच्चे का शव कुएं से बरामद किया गया। शव की पहचान मंझलाडीह निवाशी रजाक उर्फ राजा के सात वर्षीय पुत्र आलिम अंसारी के रूप में किया गया। आलिम का शव उसके घर से महज 100 फीट पर स्थित एक कुंए से बरामद किया गया। मृतक आलिम के कान के बगल में खून को देखकर उसके घर वालो को संदेह है कि उसकी हत्या कर कुएं में डाल दिया गया है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
उसके परिजनों ने बताया कि बुधवार को आलिम 2 बजे दिन घर से मदरसा पढ़ने के लिए निकला जब वह मदरसा से घर शाम तक वापस नहीं आया तो हमलोगों को चिंता होने लगी। उसके बाद हमलोगों ने खोजबीन की लेकिन वह कहीं नहीं मिला। रात के करीब 8 बजे घर के बगल में एक कुएं में झगर डाल कर देखने लगे। उसी दौरान झगर में आलिम का कपड़ा फंस गया, जिससे शव ऊपर आ गया। सूचना पाकर मरकच्चो थाना प्रभारी शिवबालक यादव, एसआई आरडी सिंह एवं एएसआई दिलीप कुमार मंडल अपने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया।
मृतक के माता पिता ने कहा कि मेरा एक ही चिराग था वह भी बूझ गया। मृतक के पिता की दिमागी हालत भी ठीक नहीं है वह गांव में जुगाड़ी करके अपने तीनो बच्चो एक बेटा (मृतक आलिम) और दो बेटी का पालन पोषण करता है। थाना प्रभारी शिवबालक यादव गुरुवार की सुबह घटना स्थल पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहीं घटना क बाद परिवार वालो का रो रो कर बुरा हाल है।