राज्यभर में स्वराज स्वाभिमान जनादेश यात्रा से आजसू ने फूंका चुनावी बिगुल
रांची: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी पार्टी आजसू ने राज्यभर के चुनिंदा विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को एक साथ स्वाभिमान जनादेश यात्रा का आयोजन कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इस जनादेश यात्रा में पार्टी के तमाम बड़े नेताओं ने शिरकत की। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने तमाड़ व सिल्ली में इसकी कमान संभालते हुए कहा कि स्वराज स्वाभिमान जनादेश यात्रा का मकसद लोगों तक गांधी जी के संदेशों को लेकर जाना व उनके विचारों को आगे बढ़ाना है।
दरअसल, स्वराज की अवधारणा में गांधी ने तय किया था कि लोकतंत्र की बुनियाद नीचे से मजबूत होते हुए ऊपर तक जाए। शक्ति का केंद्र बिंदु आम आदमी और उसका समूह हो जो आपसी संबंधों से जुड़ा रहे। उनका अभिप्राय लोक सम्मति के अनुसार होने वाला शासन था। आपका जनादेश मेरी सेवा इसी संकल्प के साथ पदयात्रा की शुरुआत की है। शासन और प्रशासन आपके दरवाजे पर आए, यही मेरा पहला और आखिरी उद्देश्य है।
श्री महतो ने कहा कि राष्ट्रपिता ने स्वराज की जो परिकल्पना की थी, वो आज भी प्रसांगिक है। तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के अड़की प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में आहूत जनादेश सभा से पहले उन्होंने बारूहातू मोड़ से विद्यालय तक छह किलोमीटर की पदयात्रा कर लोगों से गांधी के स्वराज के लिए जनादेश की अपील की। कहा कि एक ऐसा जनादेश जिसमें स्वराज, स्वशासन और स्वाभिमान सुनिश्चित हो। इसके माध्यम से सुरक्षा हमारी राजनीति का मूल विषय है। व्यवस्था और विषय ही हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। ये राज्य आपका है, तो शासन भी आपका होना चाहिए और स्वाभिमान भी सुरक्षित रहना चाहिए। कहा कि स्वराज स्वाभिमान जनादेश यात्रा का मकसद बिल्कुल साफ है कि हम गांवों की आवाज को उस मुकाम तक पहुंचाना चाहते हैं जिसमें हमारा हक और अधिकार मिले। साथ ही हमारा स्वाभिमान सुरक्षित हो। हमें जनादेश की सरकार बनाने हेतु गांवों का साथ चाहिए। कहा कि गांव जो सोचेगा, शासन भी वही करेगा। गांवों को बुनियादी सुविधाएं मिले। बीडीओ-सीओ एक आम आदमी के दरवाजे पर आए व सेवा प्रदान करे। गांव के लोगों का सिस्टम पर यकीन रहे, बस इतना ही तो गांवों को चाहिए। वातावरण बनाने की दिशा में हम सभी एकजुट होकर बढ़ें। ये काम होकर रहेंगे। अड़की के बाद आजसू प्रमुख ने सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के पतराहातु से राहे तक जनादेश यात्रा निकाली।
इसके अलावे सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने रामगढ व मांडू, मंत्री राम चंद्र सहिस ने जुगसलाई व ईचागढ़, विधायक राजकिशोर महतो ने टुंडी व डुमरी, चंदनकियारी में पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, पार्टी के महासचिव लंबोदर महतो ने गोमिया, नवीन, संतोष व काशीनाथ सिंह ने बेरमो में, रौशनलाल चौधरी ने बड़कागांव में, हसन अंसारी, डॉ दीपक कुशवाहा, नजरूल हसन हासमी व भरत काशी साहू ने हटिया में आवाज मुखर की, जबकि केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत खिजरी व हेमलता उरांव व अंजू देवी ने मांडर में यात्रा का प्रतिनिधित्व किया। चक्रधरपुर में रामलाल मुंडा, सिमरिया में मनोज चंद्रा, कांके में राजेंद्र मेहता, पार्वती देवी व रमजीत गंझू, तिवारी महतो ने मांडू, कन्हैया सिंह ने जमशेदपुर, मंटू महतो ने सिंदरी, सुभाष राय ने बाघमारा, नंदलाल बिरूवा ने मंझगांव, बिरसा मुंडा ने मनोहरपुर, सतीश कुमार ने पलामू व गुप्तेश्वर ठाकुर ने गढ़वा में जनादेश यात्रा लेकर निकले।