रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहां की रघुवर सरकार के कार्यकाल में पिछले 5 वर्षों में झारखंड ने विकास की बड़ी करवट ली है। हेमंत सोरेन के कार्यकाल में यह प्रदेश बालू घोटाला, माइनिंग घोटाला, ट्रांसफर घोटालों के कारण जाना जाता था, लेकिन रघुवर सरकार ने देश में झारखंड को सार्थक प्रयासों से ख्याति दिलाई है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नेशनल हेल्थ मिशन द्वारा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में झारखंड को लर्निंग एंड शेयरिंग क्षेत्र में बेस्ट राज्य का पुरस्कार मिला। यह साफ दिखाता है कि झारखंड ने आयुष्मान भारत के मॉडल को बहुत कम समय में अपनाने में सफलता पाई है। राज्य के सभी प्रज्ञा केंद्र में लाभुकों को निःशुल्क निबंधन एवं प्रज्ञा केंद्र संचालकों के माध्यम से लाभुकों को आयुष्मान योजना की जानकारी भी दी जा रही है। राज्य सरकार के द्वारा सदर अस्पताल में निजी डॉक्टरों को सूचीबद्ध किए जाने की भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हो रही है।
प्रतुल ने कहा स्वच्छ भारत मिशन पॉलीटिकल लीडरशिप में झारखंड के मुख्यमंत्री के प्रयासों को भी सराहा जाना झारखंड के लिए गौरव की बात है। 5 वर्ष पूरे होने पर भारत सरकार द्वारा दी स्वच्छ भारत रिवॉल्यूशनश् पुस्तक में पॉलीटिकल लीडरशिप अध्याय के पहले चैप्टर में मुख्यमंत्री के आलेख को स्थान मिलना बदलते झारखंड की तस्वीर बयां करता है। इस पुस्तक में पूरे देश में झारखंड में पहली बार राज मिस्त्री की तर्ज पर महिलाओं को रानी मिस्त्री के तौर पर स्वच्छ भारत मिशन के शौचालय निर्माण में जोड़ने के कार्य की पूरे देश में सराहना हुई है। प्रतुल ने कहा एक समय लूट खसोट और भ्रष्टाचार का पर्याय बन गया झारखंड आज पूरे देश में सकारात्मक चीजों के कारण देखा जा रहा है। यह मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार के सामूहिक प्रयास का नतीजा है।