रांची: मल्टीप्लेक्स में मंहगे टिकट के कारण अधिकतर लोग फिल्म देखने से परहेज करते हैं, ऐसे में डिप्टी मेयर संजीय विजयवर्गीय ने पहल करते हुए हाॅल प्रबंधकों से बात की, जिसके बाद सप्ताह में बुधवार को टिकट दर 50 रुपये कर दिया गया है। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को फिल्म देखने का मन तो करता है, लेकिन मंहगाई उन्हें आगे बढ़ने से रोक देता है।
इसके अलावे शॉपिंग मॉल व मल्टीप्लेक्स में गाड़ियों की पार्किंग हेतु मनमाना शुल्क वसूलने पर पाबंदी लगा दी गई है। तीन घंटे के लिए बाइक-स्कूटी वालों को 5 व चार पहिया वाहन मालिकों को बीस रुपये देना होगा। इससे पूर्व डिप्टी मेयर व मॉल संचालकों के बीच हुई बैठक के दौरान इस पर सहमति बन गई।
घर से ले जा सकेंगे पीने का पानी
बैठक में हुये एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले के तहत सिनेमा प्रेमी घर से पानी का बोतल अब मल्टीप्लेक्स ले जा सकेंगे। अब तक मल्टीप्लेक्स संचालक बाहर से लाई पानी बोतल को सिनेमा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं देते थे और मनमानी कीमत वसूलते थे। तय किया गया है कि मल्टीप्लेक्स में एमआरपी पर पानी व बिस्किट लोगों को दिया जाएगा।