रघुवर सरकार से जनता परेशान: प्रणव वर्मा

पप्पू पाण्डेय


सरिया (गिरिडीह): सूबे की रघुवर सरकार आज सभी तरह से फेल हो चुकी है। चाहे पारा शिक्षकों का मामला हो या आंगनबाड़ी का, जल सहिया का मामला हो या पोषण सखियों का। हर विभाग के लोग भाजपा की रघुवर सरकार से तंग आ चुके हैं। उक्त बातें जेवीएम के केंद्रीय सचिव प्रणव वर्मा ने पत्रकारों को कहा।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान मंगलवार की देर शाम सरिया आए थे। उन्होंने कहा कि आज संविदाकर्मी अल्प मानदेय पर काम कर रहे हैं। बावजूद इन्हें समय पर मानदेय नहीं मिलता। इनकी जायज मांगों पर सरकार अब तक सिर्फ झूठा आश्वासन ही देते रही है। एक ओर जहां झारखंड में रोजगार सृजन की आवश्यकता है वहीं दूसरी ओर रघुवर सरकार की तुगलकी फरमान के कारण राज्य के हजारों विद्यालय बंद करा दिए गए हैं।

जिससे सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के बीच शिक्षा के प्रति संकट उत्पन्न होने लगा है। वहीं ग्रामीण चिकित्सकों को भी जेल में डालने की धमकी सरकार द्वारा दी जा रही है। जिससे लोगों में खासी नाराजगी है। जबकि सरकार अब तक पर्याप्त चिकित्सक क्या ? एएनएम की बहाली भी नहीं कर पा सकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वार्ड सदस्य से लेकर भारत के सर्वोच्च राजनीतिक शिखर पर भाजपा का ही एकाधिकार है।

लोगों को उम्मीद जगी थी कि इस सरकार से जनता का कल्याण होगा, जनमानस की उम्मीदों में पानी फिर गया। जनता आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें जवाब देगी। वहीं एक प्रश्न के उत्तर में श्री वर्मा ने कहा की कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से उनके पिताजी स्व. रीतलाल प्रसाद वर्मा पांच बार सांसद रह चुके हैं। आज भी उनकी छवि और उनके समय में किया गया जनहित का कार्य लोगों के जेहन में है।

आगामी लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के तहत यदि पार्टी उन्हें कोडरमा लोकसभा से उम्मीदवार बनाती है तो उनकी जीत सुनिश्चित होगी।

मौके पर श्री वर्मा के अनुज रवि कुमार, रामचन्द्र प्रसाद, गौतम कुमार, बलदेव प्रसाद, भोला प्रसाद, संजय कुमार, कामेश्वर प्रसाद सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More