आसिफ
सरिया(गिरिडीह): केंद्र सरकार भारतीय नागरिकों के लिए 7 महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही हैं। जिसमें फसल बीमा योजना भी एक है। प्रधानमंत्री मोदी जी का मानना है कि किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुनी कर दी जाएगी। लेकिन यह कैसे संभव है? उक्त बातें कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद तिलकधारी प्रसाद सिंह ने सरिया में अपने कार्यकर्ता के आवास में संवाददाता सम्मेलन में कहा। वे अटका से रघुनाथ तिवारी के पूण्यतिथि से लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि माननीय नरेंद्र मोदी जी का प्रधानमंत्री कुर्सी पर पदासीन होने के पश्चात ही किसानों के उत्थान के प्रति गहरी सोच थी। वर्ष 2015 से लेकर अब तक किसानों ने फसल बीमा कराया। जिनका लाभ उन्हें मिलना तो दूर बल्कि प्रीमियम तक वापस नहीं हुआ।
ऐसे में 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करना कोरी कल्पना साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने घोषणा किया था कि विदेशों में जमा भारत का कालाधन वापस कर जनता के बैंक खाते में जमा कराए जाएंगे, प्रति वर्ष 2 करोड़ नौजवानों को नौकरी देंगे, भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनायेंगे। चुनाव जितने के बाद घोषणाओं को भूल गए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी घोषणाओं के अनुरूप काम करती है, जहां जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर वर्ग के लोगों को मान सम्मान मिलता है। आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं को कमर कसकर तैयार रहने को कहा। वहीं कार्यकर्ताओं ने सरिया की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। जिसमें फ्लाई ओवर ब्रिज पावर ग्रिड आदि की समस्या को प्रमुखता से बताया गया इस संबंध में पूर्व सांसद श्री सिंह ने कहा कि सरिया बाजार गिरिडीह जिले का प्रमुख व्यापारिक मण्डी है, यहाँ के व्यावसायियों का ख्याल रखते हुए बाइपास बनाया जाए। जिससे व्यापारियों पर असर नहीं पड़े।
मौके पर इंटक के जिलाध्यक्ष एनपी सिंह ब्लू, धनंजय सिंह, दीपक माहेश्वरी, अशोक मंडल, पप्पू सोनार, विक्की जैन, सत्यनारायण मंडल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।