आसिफ
सरिया(गिरिडीह): हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन में RPF द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 8 व्यक्ति गिरफ्तार किया गया। जिन्हें रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उचित कार्रवाई के लिए रेलवे न्यायालय धनबाद भेज दिया गया।
इस संबंध में हजारीबाग रोड रेलवे निरीक्षक प्रभारी PK रावत ने पत्रकारों को बताया कि ASI रामायण मिश्रा के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया। जिसमें राजेंद्र नगर हटिया एक्सप्रेस 18623(डाउन)के महिला कोच में सफर करने के आरोप में उमेश यादव, राहुल कुमार, विक्रम सिंह तथा रवि रंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
जबकि लगेज वैन में सफर करने के आरोप में सूर्य देव कुमार, कपिल देव कुमार, सुबोध कुमार और रामेश्वर कुमार पकड़े गए। जिन्हें रेलवे अधिनियम की धारा 155 के तहत उचित कार्यवाही के लिए धनबाद भेज दिया गया। इस अभियान में रेलवे सुरक्षा बल के कई जवानों की सक्रिय भूमिका रही। निरीक्षक प्रभारी श्री रावत ने कहा कि आए दिन महिलाओं द्वारा टोल फ्री नंबर 182 पर सूचना दी जा रही है कि महिला डिब्बे में पुरुष रेलयात्री सफर करते हैं जिससे महिलाएं यात्रा के दौरान अपने आप में असुरक्षित महसूस करती हैं।
लगातार शिकायत मिलने को लेकर धनबाद रेल मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशानुसार चेकिंग अभियान लगातार की जा रही है। वहीं निरीक्षक श्री रावत ने लोगों से अपील किया है कि वे रेलवे नियमों का पालन करते हुए अपनी सुरक्षित यात्रा करें। जिससे किन्ही को शिकायत करने का मौका न मिले।