भाजपा की सरकार न तो नौजवानों को रोजगार दिया, न काला धन वापस लाई: पूर्व सांसद

रांची: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 23वें रांची नगर सम्मेलन में अजय कुमार सिंह को सचिव, उमेश नज़ीर को सहायक सचिव और प्रिया को कोषाध्यक्ष चुना गया। सम्मेलन का प्रारंभ नगर इकाई के बुजुर्ग साथी प्रदीप राय द्वारा हुए पार्टी के ध्वज आरोहण से हुआ। सम्मेलन के अतिथि पू सिंहभूम के सचिव शशि कुमार थे।
सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह हजारीबाग के पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने किया। उद्घाटन भाषण में श्री मेहता ने कहा कि भाजपा की सरकार न तो नौजवानों को रोजगार दिया और न ही काला धन वापस लाया। मजदूर-किसान भी इस सरकार से खुश नहीं है। आज किसान-मजदूर, आदिवासी-दलित, छात्र-नौजवान कोई भी खुश नहीं है। यह सरकार फिरकापरस्ती को बढ़ावा देकर 2019 में फिर से सत्ता में आना चाहती है। श्री मेहता ने कहा कि भाजपा को कम्युनिस्टों से सबसे अधिक खतरा है। इसलिए वह कम्युनिस्टों को अपना दुश्मन मानती है। उनकी हत्या कर रही है। झारखण्ड में सीएनटी/एसपीटी एक्ट और भू-अधिग्रहण कानून, 2013 में संशोधन कर यहाँ की जमीन आदिवासियों-दलितों से छीन कर कारपोरेट घरानों को सौंपना चाहती है।
आज कम्युनिस्टों को मजबूती से खड़ा होने की जरूरत है।
सम्मेलन में शोक प्रस्ताव उमेश नज़ीर ने पेश किया। शोक प्रस्ताव में फिदेल कास्रो, ह्यूगो शावेज, स्टीफन हॉकिंग्स, ए. बी. बर्धन, प्रबोध पांडा, गोविंद पानसरे, गौरी लंकेश, एम.एस. कलबुर्गी, जलालुद्दीन अंसारी, चन्द्रेश्वरी सिंह, बी.एन. लाल, ओमपुरी, युगल किशोर, दूधनाथ सिंह, केदार नाथ सिंह समेत कई लोगों को श्रद्धांजलि दी गयी।
राज्य कार्यकारिणी सदस्य पी.के. गांगुली ने राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए प्रस्तावित राजनैतिक प्रतिवेदन पर चर्चा की।
सम्मेलन में 17 सदस्यीय नगर कमेटी गठन किया गया, जिसमें उषा श्रीवस्तव, फरज़ाना फारूकी, तंजिला नाज़, कमरू निशा, प्रिया, शुभा कुमारी, लक्ष्मी नारायण महतो, श्यामल मल्लिक, बिरेन्द्र विश्वकर्मा, अशोक यादव, बी.एन. झा,उमेश नज़ीर, मेहुल मृगेन्द्र, अजय सिंह, आज़म खान, मनोज ठाकुर, फूलचंद सिंह शामिल किये गये। सम्मेलन के पर्यवेक्षक जिला सचिव सच्चिदानंद मिश्र थे।


