पारा शिक्षकों ने अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार पर किया जोरदार प्रदर्शन

आसिफ
सरिया(गिरिडीह): झारखंड सरकार के निर्देशानुसार गिरिडीह जिले के लगभग डेढ़ सौ विद्यालयों को मर्ज किया जाना है।जिसके विरोध में मंगलवार को बगोदर और सरिया प्रखंड के पारा शिक्षकों ने अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया।
झारखंड सरकार मुर्दाबाद, तुम्हारी मनमानी नहीं चलेगी, तुगलकी फरमान वापस करो, विद्यालय मर्ज करने के निर्देश वापस लो सहित कई नारे लगाए जा रहे थे। शिक्षकों को संबोधित करते हुए पारा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नारायण महतो ने कहा कि शिक्षा समिति बैठक गुपचुप तरीके से हो रही है। जिसमें बीडियो, बीईईओ, सीओ, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि आदि हैं। जिनके बच्चे महँगे निजी विद्यालयों में पढ़ते हैं। वैसे अधिकारियों को गरीब बच्चों के शिक्षा की कैसी चिन्ता है? उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक किलोमीटर में विद्यालय खोले गए थे। जिसमें गांव के गरीब बच्चे पढ़ते हैं।
वहीं सरकार अब उन विद्यालयों को बंद करना चाहती है। जिससे गरीब के बच्चे पढ़ ना सके। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर विद्यालय मर्ज नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए चाहे जितना भी आंदोलन करना पड़े। पारा शिक्षक संघ हमेशा आगे रहेगा। वहीं विरोध प्रदर्शन करने के बाद लोगों ने मंगलवार को आयोजित प्रखंड शिक्षा समिति की बैठक का बहिष्कार किया।
बताया जाता है कि मंगलवार को आयोजित बैठक को स्थगित करते हुए आगे दिन इस बैठक को करने की बात कही गई। जिसकी तिथि निर्धारित नहीं हुई है। जिसमें पारा शिक्षक संघ के अगुआ साथी भी शामिल होंगे।
विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष नारायण महतो के अलावा सरिया और बगोदर के प्रखंड अध्यक्ष नरेश मंडल, सुधीर प्रसाद, रामेश्वर यादव, महेश वर्मा, सुरेंद्र विश्वकर्मा, प्रकाश मंडल, रामजी टुडू ,महादेव पासवान, बाल गोविंद मंडल, योगेंद्र सिंह, शंभू महतो, बसंती कुमारी, योगेंद्र पांडेय, मनोज शर्मा ,रामानंद यादव, रंजीत टाइगर, छोटन प्रसाद सहित काफी संख्या में पारा शिक्षक उपस्थित थे।




