प्रगति और समाज सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपना जीवन व्यतीत करेगा: सांसद

आसिफ
सरिया(गिरिडीह): वासंती दुर्गा के उपासना का महापर्व नवरात्रि रविवार को कलश स्थापन के साथ प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर ठाकुरबाड़ी मैदान सरिया में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा वर्ष प्रतिपदा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।स्वयंसेवकों ने खेलकूद, प्रेरणा गीत , बौद्धिक सहित अनेक कार्यक्रम किया।वहीं भगवा ध्वज के सामने लोगों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प लिया। इसके पश्चात मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। जो संघ स्थान से प्रारंभ होकर चंद्रमारणी, मंधनियां, सरिया बाजार, भगत सिंह चौक, बहेरवाटांड, पचंबा, बड़की सरिया, काला रोड, होते हुए वापस संघ स्थान पहुँचे।
लोगों ने भारत माता की जयकारा के साथ नव वर्ष की मंगलमय शुभकामनाएं दीं। स्वयंसेवकों द्वारा सरिया के विभिन्न चौक-चौराहों पर दीप प्रज्वलित किया गया एवं पूरे बाजार को भगवा ध्वज से पाट दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय सांसद डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि विक्रमसंवत का शुभारंभ एक भारतीय गणना, ज्योतिषीय गणना और वैज्ञानिक गणना है। आज पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति का अभ्युदय हो रहा है।इसकी मान्यताएं पूरे देश- विदेश में फैल रही हैं। आने वाले दिनों में हिंदुत्व का दर्शन एवं भारतीय जीवन पद्धति का सुखमय संदेश पूरी दुनिया स्वीकार करेगी। उन्होंने कहा कि वह समय आ चुका है इस देश की प्रगति और समाज सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपना जीवन व्यतीत करेगा, भ्रातृत्व भाव पुष्पित एवं पल्लवित होगा। साथ ही इस देश की सांस्कृतिक मूल्य विश्व गुरु की ओर ले जाने में सक्षम साबित होगा। सांसद डॉ. राय ने लोगों को शुभकामनाएं दीं।
मौके पर विनोद कुमार पांडेय, उमेश कुमार, भीम प्रसाद वर्णवाल, परमेश्वर मोदी, कुमार अभिषेक आनंद, राजेंद्र मोदी, आशीष कुमार तर्वे, संजय कुमार, कॉलेश्वर प्रसाद, डॉ.रामजी प्रसाद सहित काफी संख्या में स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया।


