चंदनकियारी(बोकारो): सियालजोरी पंचायत भवन में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के तहत उप विकास आयुक्त रविरंजन मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
उप विकास आयुक्त श्री मिश्रा ने कृषि विभाग के द्वारा रवि फसल के बीज अबतक नहीं वितरण किये जाने पर नाराजगी जाहिर की और तीन दिनों के अंदर बीज वितरण करने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया।
उन्होंने बैठक में अनुपस्थित ग्रामीण विकास विशेष प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता बी.डी राम, विद्युत विभाग के कनीय अभियंता सहित दो अन्य अभियंताओं पर स्पष्टीकरण करने का निदेश दिया।
श्री मिश्रा ने उपस्थित ग्रामीणों से पानी बचाने को कहा। उनके अनुसार बरसात का अधिकांश पानी नदी, नालों के माध्यम से बह जाता है, इसे रोकना अति आवश्यक है। इस पानी से हम सिंचाई का कार्य कर सकते हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं को निर्देश दिया कि गांव में जितने भी कुपोषित बच्चें हैं, उसे जाँच कराकर कुपोषण चिकित्सा केन्द्र में भर्ती करायें।
उनके द्वारा जेएसएलपीएस के जिला समन्वयक को रोजगार संबंधी कैम्प 05 दिनों तक आयोजित कराने का निदेश दिया। रूर्बन मिशन के तहत 05 पंचायतों में हर घर विद्युत कनेक्शन करने का निर्देश दिया। उन्होंने छुटे हुए घरों में 10 दिनों के अंदर विद्युत कनेक्शन, 15 दिसम्बर तक सभी पंचायतों में पेयजल के लिए चापाकल लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने रूर्बन मिशन के तहत आने वाले अन्य पंचायत पर अगली बैठक 15 दिनों के अंदर कराने का निर्देश प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को दिया।
कार्यक्रम में परिसंपति का वितरण भी किया गया, जिसमें 131 एसएचजी ग्रुप के महिलाओं के बीच 19 लाख 65 हजार का आर.एफ चेक वितरीत किया गया। वहीं 76 महिला एसएचजी ग्रुप के बीच 76 लाख का चेक वितरीत किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के द्वारा मेगा कैम्प का भी आयोजन किया गया।
मौके पर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रविन्द्र कुमार गुप्ता, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल चास शशि भूषण पुरन, जेएसएलपीएस के डीपीएम निशिकान्त नीरज, सियालजोरी पंचायत के मुखिया वीणा देवी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सीडीपीओ सहित कई लोग उपस्थित थे।
समृद्ध झारखण्ड के लिए चंदनकियारी से मुकेश मिश्रा की रिपोर्ट…