झारखंड सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 9,097 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम हेमन्त सोरेन ने किया शिलान्यास-उद्घाटन

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। समारोह के दौरान करीब 9,097.59 करोड़ रुपये की लागत वाली 1,643 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। इनमें 5,941.86 करोड़ रुपये की लागत से 823 योजनाओं का शिलान्यास तथा 3,155.73 करोड़ रुपये की लागत से 820 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्षों का युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव पार करते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचा है। अलग राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित सभी महापुरुषों और मार्गदर्शकों के त्याग एवं बलिदान को उन्होंने नमन किया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस नई पीढ़ी और युवाओं के लिए राज्य के विकास का संकल्प लेने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने जल, जंगल, जमीन, पहाड़ और नदी-नालों को जीवन का आधार बताते हुए इनके संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड ने अपनी खनिज संपदा से देश और दुनिया को समृद्ध किया है, लेकिन यहां के आदिवासी और मूलवासी लंबे समय तक हक-अधिकार और विकास की दौड़ में पीछे रहे। अब नई पीढ़ी को इस स्थिति में बदलाव लाने और झारखंड को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने का संकल्प लेना होगा।
छात्रावासों में विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना, विद्यालयों के उन्नयन और छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे विद्यार्थियों को भोजन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर तरीके से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक परेशानी का सामना करने वाले विद्यार्थियों को भी सहायता दी जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवाओं को मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
50 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच रही आर्थिक सहायता
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सम्मान राशि देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम-से-कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। इस राशि से महिलाएं छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान विभिन्न जिलों से आई महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। सरकार स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, जीआई टैगिंग और ऑनलाइन खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।
2050 तक विकसित राज्यों की श्रेणी में होगा झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों के समकक्ष खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। राज्य में खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए दृढ़ संकल्प, ईमानदार सोच और सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि झारखंड लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद बना है। अपने हक-अधिकार के लिए राज्य कानूनी और राजनीतिक हर तरह का संघर्ष करने में सक्षम है। युवाओं को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ राज्य के बेहतर भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी निभानी होगी।
पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को मिला सम्मान

समारोह में विशिष्ट सेवाओं, वीरता और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया गया। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को झारखंड मुख्यमंत्री पदक (वीरता) से अलंकृत किया गया। विभिन्न जिलों में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों, खिलाड़ियों तथा कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। मैट्रिक, इंटर और इंजीनियरिंग परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि और लैपटॉप प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जेल में बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार से संबंधित द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025 पुस्तिका का विमोचन किया गया। वहीं, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से निर्मित फिल्म ‘अरण्य’ का कर्टेन रेजर प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल के समीप विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया।
समारोह में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, विधायक कल्पना सोरेन, सुरेश कुमार बैठा और ममता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और वरीय पुलिस अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।



