संतोष वर्मा
चाईबासा: बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं आरक्षी अधीक्षक कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों एवं अनुसंधान पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार कृष्ण कांत मिश्रा ने अनुसंधानकर्ताओं द्वारा अनुसंधान में की जाने वाली सामान्य त्रुटियों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए उसमें सुधार करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वाद दैनिकी में घटनास्थल का नक्शा नजरी का मैप बनाया जाना आवश्यक है। साथ ही जब्ती सूची में होने वाली त्रुटियों के संदर्भ में ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि जब्ती सूची को बड़ी सावधानी के साथ बनाएं एवं इसे प्राथमिकी के साथ ही संबंधित न्यायालय में भेजें।
उन्होंने सड़क दुर्घटना की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि प्रतिदिन नए मोटरसाइकिल चालकों द्वारा सड़क दुर्घटना हो रही है एवं प्रतिदिन सड़क दुर्घटना में औसतन 177 लोग मृत्यु को प्राप्त कर रहे हैं। अतः नियमित वाहन चेकिंग, हेलमेट चेकिंग आदि की कार्यवाही पुलिस प्रशासन द्वारा की जानी चाहिए। उन्होंने 498 ए भारतीय दंड संहिता में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य में प्रतिपादित विधिक सिद्धांतों एवं धारा 41 एवं 41a दंड प्रक्रिया संहिता का अनुपालन किया जाना आवश्यक है।
सभी अनुसंधानकर्ता अपने वाद के तथ्यों एवं परिस्थितियों के अनुसार दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 में वर्णित प्रावधानों के आलोक में मजिस्ट्रेट के समक्ष गवाहों का बयान करावे एवं शिनाख्त की कार्यवाही को सही दिशा में, सही समय पर, ससमय आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित करें। उन्होंने प्राथमिकी में विलंब, पुलिस द्वारा साक्ष्यों की परीक्षा, तलाशी वारंट, जब्ती सूची एवं पुलिस पदाधिकारी द्वारा गिरफ्तार किए जाने वाले व्यक्ति के संदर्भ में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित विधिक सिद्धांतों के अनुपालन किए जाने के लिए जागृत किया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली एवं प्राधिकार की ओर से आम नागरिकों को प्राप्त अधिकार की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उक्त अवसर पर लोक अभियोजक अरुण कुमार एवं पूर्व लोक अभियोजक सुरेंद्र प्रसाद ने उपस्थित सदस्यों द्वारा किए गए प्रश्नों का उत्तर दिया।
कार्यक्रम में आरक्षी अधीक्षक, आरक्षी उपाधीक्षक सदर, पोड़ाहाट अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ जिले के काफी संख्या में पुलिस पदाधिकारी उपस्थित हुए। आरक्षी अधीक्षक महोदय ने कहा कि इस तरह की कार्यशाला प्रतिमाह आयोजित की जाएगी, ताकि अनुसंधानकर्ता की गुणवत्ता में सुधार हो।