Dumka News: अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर माय भारत का जागरूकता कार्यक्रम

दुमका: अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत दुमका एवं जनमत युवा क्लब के सहयोग से लाल बहादुर शास्त्री स्कूल, दुमका में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मेरा युवा भारत की ओर से सौम्या श्री ने उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले इसके प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन है और इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना आवश्यक है।

इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या दीप्ति कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने और इसे रोकने में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई।
वहीं, जनमत युवा क्लब के सचिव सन्नी सिंह ने मेरा युवा भारत की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं से इससे जुड़कर सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा प्रियंका कुमारी सहित अन्य विद्यार्थियों ने बाल विवाह रोकने के उपायों एवं इससे संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका उपस्थित वक्ताओं ने विस्तारपूर्वक जवाब दिया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अमित राज, शिक्षिका नीलू कुमारी, निशा रानी, किरण कुमारी, रीता कुमारी, शिक्षक आलोक किस्कू, करण कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं ने देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।



