Giridih News: झारखंड आंदोलनकारी जनार्दन पाण्डेय का निधन, झामुमो ने पार्टी ध्वज ओढ़ाकर दी अंतिम विदाई

गिरिडीह: जमुआ प्रखंड के पोबी गांव निवासी झारखंड आंदोलनकारी नेता जनार्दन पाण्डेय का गुरुवार देर रात निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे।
पार्टी ध्वज ओढ़ाकर दी श्रद्धांजलि
अंतिम विदाई के दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रणजीत कुमार, प्रखंड सचिव रोजन अंसारी, झामुमो आंदोलनकारी रविंद्र सिंह सोलंकी, पंचायत अध्यक्ष दिलीप कुमार एवं राजेंद्र राम ने उनके पार्थिव शरीर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा का पार्टी ध्वज ओढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, आजसू नेता शंकर यादव सहित कई स्थानीय समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने भी उन्हें अंतिम विदाई दी।
झारखंड निर्माण में था अहम योगदान : रणजीत कुमार
इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रणजीत कुमार ने कहा कि जनार्दन पाण्डेय सामाजिक रूप से काफी सक्रिय व्यक्ति थे। झारखंड राज्य के निर्माण में भी उनका अहम योगदान रहा है। उनके निधन से पार्टी के साथ-साथ पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
पैतृक गांव पोबी में हुआ अंतिम संस्कार
बताया जाता है कि जनार्दन पाण्डेय पांच भाइयों में से एक थे। उनके परिवार में दो बेटियां हैं, जबकि उनके इकलौते बेटे का निधन पहले ही हो चुका था। दोनों बेटियों का विवाह हो चुका है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव पोबी में ही किया गया। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है।



