मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अर्जुन मुंडा की माताजी सायरा मुंडा को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस

जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अर्जुन मुंडा की दिवंगत माताजी सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत सायरा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और उन्हें श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने अर्जुन मुंडा एवं उनके शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दुख की घड़ी में परिवार को धैर्य, साहस और संबल प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं स्थानीय प्रशासन के अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।



