पीसीबी का बड़ा फैसला, मोहम्मद रिजवान, साइम अयूब और शान मसूद केंद्रीय अनुबंध से बाहर, 38 खिलाड़ियों को मिली जगह

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के लिए नई केंद्रीय अनुबंध व्यवस्था की घोषणा की है। बोर्ड ने इस बार श्रेणी आधारित व्यवस्था की जगह प्रारूप आधारित अनुबंध प्रणाली अपनाई है। नई व्यवस्था 30 जून, 2027 तक लागू रहेगी। इसके तहत कुल 38 खिलाड़ियों को अनुबंध दिया गया है, जिनमें 19 खिलाड़ी विकास श्रेणी में शामिल हैं। यह नई व्यवस्था पिछले साल की श्रेणी आधारित सूची की जगह लागू की गई है, जिसमें बी से डी तक की श्रेणियां थीं।

टेस्ट कप्तान बाबर आजम और पाकिस्तान के पूर्व टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सलमान आगा ऐसे एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्हें टेस्ट और एकदिवसीय, दोनों प्रारूपों का अनुबंध दिया गया है। वहीं, मोहम्मद अब्बास, अजान अवैस, साजिद खान और सऊद शकील को केवल टेस्ट प्रारूप का अनुबंध मिला है। किसी भी खिलाड़ी को तीनों प्रारूपों में अनुबंध नहीं दिया गया है।

हाल ही में टेस्ट पदार्पण करने वाले रजाउल्लाह, तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा, गाजी गोरी और साकिब खान सहित कई खिलाड़ियों को विकास श्रेणी में जगह मिली है। एकदिवसीय टीम के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी को एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय, दोनों प्रारूपों का अनुबंध दिया गया है। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कप्तान साहिबजादा फरहान को केवल टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप का अनुबंध मिला है।

विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का नाम इस सूची से बाहर होना सबसे उल्लेखनीय फैसला है। वह मैदान के बाहर विवादों में घिरे रहे हैं और इंग्लैंड दौरे के बीच में ही उन्हें स्वदेश भेज दिया गया था। पिछले साल रिजवान को बी श्रेणी का अनुबंध मिला था।

रिजवान उन 13 खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें पिछले साल केंद्रीय अनुबंध मिला था, लेकिन इस बार सूची में जगह नहीं मिली। पिछले साल बी श्रेणी में शामिल साइम अयूब और हसन अली भी बाहर हैं। शान मसूद को भी अनुबंध नहीं दिया गया है। इनके अलावा अब्दुल्लाह शफीक, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, नोमान अली, हुसैन तलत, खुर्रम शहजाद, खुशदिल शाह, मोहम्मद अब्बास अफरीदी और मोहम्मद वसीम जूनियर भी इस बार सूची में शामिल नहीं हैं।

30 जून, 2027 तक के लिए पाकिस्तान पुरुष टीम के केंद्रीय अनुबंध

टेस्ट और एकदिवसीय: बाबर आजम, सलमान आगा।

टेस्ट: अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, साजिद खान, सऊद शकील।

एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय: अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी।

टी20 अंतरराष्ट्रीय: हसन नवाज, माज सदाकत, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, उस्मान तारिक।

विकास श्रेणी: अब्दुल समद, अब्दुल्ला फजल, अहमद दानियाल, अली रजा, फरहान यूसुफ, हुनैन शाह, मोहम्मद ताहा, तैयब आरिफ, गाजी घोरी, मोहम्मद इमरान रंधावा, रजाउल्लाह, साद बेग, साद मसूद, समीर मिन्हास, साकिब खान, शहजैब खान, शमिल हुसैन, सूफियान मुक़ीम और उबैद शाह।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More