रिश्वतखोरी में गिरफ्तार CGST अधीक्षक के घर से 1.86 करोड़ रुपये की नकदी और आभूषण बरामद

CGST अधीक्षक के घर से बरामद आभूषण
10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया था अधिकारी, छह बैंक खातों और कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले

नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के अधीक्षक के पंचकूला स्थित आवास पर तलाशी के दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी बरामद की है। आरोपित अधीक्षक को 19 नवंबर 2026 को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था।

10 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुआ था अधीक्षक

सीबीआई के अनुसार, आरोपित अधीक्षक लवकुश कुमार के खिलाफ 19 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था। उस पर एक निजी कंपनी के खिलाफ जीएसटी कार्रवाई में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते समय पंचकूला में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया गया।

आवास से नकदी, सोना और चांदी बरामद

20 नवंबर को आरोपित के आवास पर तलाशी ली गई। इस दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, करीब 15.65 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा तथा लगभग 1.46 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी बरामद की गई। बरामद नकदी और कीमती सामान का कुल मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये है।

छह बैंक खातों और संपत्तियों के दस्तावेज मिले

तलाशी के दौरान छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले। इसके अलावा आरोपित और उसके परिवार के सदस्यों के वाहन तथा वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।

सीबीआई खंगाल रही संपत्ति और निवेश का ब्योरा

सीबीआई के अनुसार, बरामद वित्तीय और संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके जरिए आरोपित और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्तियों, निवेश और वित्तीय लेनदेन का पता लगाया जाएगा।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More