Jharkhand Weather: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, ठंडी हवा ने बढ़ाई कनकनी, संथाल में आज अलर्ट

अकवान तूफान के असर से झारखंड में बारिश और ठंड
बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, तैयार धान की फसल को नुकसान की आशंका

रांची: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है।

शनिवार सुबह रांची में आसमान घने बादलों से ढका रहा। ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को कनकनी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अगले दो दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता

चक्रवाती तूफान अकवान के असर से झारखंड में हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा नुकसान तैयार धान की फसल को होने की आशंका है। जिन किसानों ने धान काटकर खेतों में छोड़ दिया था, उनकी फसल बारिश में भीग रही है। वहीं, तेज हवा और बारिश से खेतों में खड़ी तैयार धान की फसल के गिरने यानी लॉजिंग का खतरा भी बढ़ गया है।

22 नवंबर तक बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 नवंबर को भी झारखंड में बादल छाए रहेंगे। राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन होने की प्रबल संभावना है। वहीं, 23 नवंबर को मौसम साफ होने की संभावना है।

24 और 25 नवंबर को कोहरे के साथ बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, 24 और 25 नवंबर की सुबह राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। इसके साथ ही ठंड भी काफी बढ़ सकती है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More