विश्व बाल दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन से मिले यूनिसेफ के बाल पत्रकार, बाल अधिकारों पर हुआ संवाद

– मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में हो रहा सकारात्मक बदलाव
– स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य, पंचायत स्तर पर खेल मैदान निर्माण का लक्ष्य
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को विश्व बाल दिवस के अवसर पर कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के साथ बाल अधिकारों, अपने सपनों और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सार्थक संवाद किया। उन्होंने अपने स्कूल और समुदाय में किए गए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए।
बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि किस प्रकार उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक समस्याओं तथा कुरीतियों की रोकथाम और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में भूमिका निभाई है। इस दौरान उन्होंने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर जन-जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर हो रहा कार्य
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाल पत्रकारों के विभिन्न सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुना और सरल एवं प्रेरक शब्दों में उनके प्रश्नों का समाधान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में विशेष रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए सरकार खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में भी सुधार लाया जा रहा है।
जिलास्तर पर पुस्तकालयों का हो रहा निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में जिलास्तर पर पुस्तकालय निर्माण का कार्य हो रहा है। शिक्षा बहुत आवश्यक है। शिक्षा से सही और गलत की समझ विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कानूनी अपराध होने के साथ-साथ प्रकृति के विरुद्ध भी है। इसका दुष्प्रभाव बच्चियों के साथ पुरुषों पर भी पड़ता है। बच्चों की शादी निर्धारित उम्र में ही कराई जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास आश्चर्यचकित करता है
यूनिसेफ के अधिकारियों और बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें हमेशा आश्चर्यचकित करता आया है। जब बच्चे इतनी स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों की बात रखते हैं, तो बड़े होकर वे कितने अच्छे नेतृत्वकर्ता बनेंगे, इसकी कल्पना कर उन्हें गर्व होता है।
उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा और हर बच्चे की आवाज सुननी होगी, क्योंकि प्रत्येक बच्चा अपने आप में महत्वपूर्ण है। बच्चों के विचार और सपने भी महत्वपूर्ण हैं।
बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है, किसी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बातों को सुना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार सभी बच्चों के अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रत्येक बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को साकार करने के समान अवसर मिल सकें। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करेंगे।
यूनिसेफ का प्रयास सराहनीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दे राज्य के विकास की प्राथमिकताओं के साथ-साथ उनके दैनिक जीवन की वास्तविक चुनौतियों को भी दर्शाते हैं। बच्चों के विचार सुनने से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि उनके लिए चलाई जा रही योजनाएं और पहल बच्चों तक किस हद तक पहुंच रही हैं तथा उनकी जरूरतों को पूरा कर पा रही हैं।
यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनके माध्यम से बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। ये सभी को बच्चों के हितों के बारे में सोचने और काम करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों के साथ 80 वर्षों के कार्य अनुभव से यूनिसेफ का यह दृढ़ मत है कि बच्चों को केवल योजनाओं और नीतियों के लाभार्थी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यूनिसेफ हमेशा से बच्चों की आवाज की ताकत में विश्वास करता आया है। बाल पत्रकार इस ताकत का जीवंत उदाहरण हैं। यह सभी की जिम्मेदारी है कि बच्चों की आवाज सुनी जाए, उनकी क्षमता को प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए। बाल पत्रकार कार्यक्रम ने साबित किया है कि बच्चों को सही जानकारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व के लिए मंच उपलब्ध कराने से व्यापक बदलाव संभव है।
यूनिसेफ झारखंड की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों के जीवन में प्रगति और विकास काफी हद तक बड़ों द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों पर निर्भर करता है। भौगोलिक परिस्थितियों, गरीबी और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां आज भी कई बच्चों के विकास में बाधा बनी हुई हैं। ऐसे में प्रत्येक बच्चे को प्राथमिकता देना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। यूनिसेफ का मानना है कि बच्चों में आज किया गया निवेश उनके साथ-साथ पूरे समाज के बेहतर भविष्य की नींव रखेगा।
इस अवसर पर बाल पत्रकारों में सोनू उरांव (गवर्नमेंट हाई स्कूल, कांके), खुशबू कुमारी (परमवीर अल्बर्ट एक्का, जीएमएस, सदर), तनु कुमारी (जीयुएमएस, पालू, ओरमांझी), सोफिया नुजहत (जीयुएमएस, हुरहुरी, रातू), प्रियांशी बरदियार (जीएमएस, हरमू हाउसिंग), सूरज प्रताप सिंह (जीएचएस, बोरीया, कांके), पल्लवी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डाहु, ओरमांझी), साक्षी कुमारी (जीएमएस, टीगरा नवा टोली, रातू), पंकज कुमार (गवर्नमेंट स्कूल, हरमू) और प्रियांशी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डहु) शामिल थीं। मौके पर एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


