सोनपुर मेले में इस बार क्या देखने को मिलेगा? जानिए 22 नवंबर से शुरू होने वाले मेले के खास आकर्षण

22 नवंबर से शुरू होगा विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला
परंपरा और आधुनिकता के संगम से सजेगा सोनपुर मेला, पर्यटन आकर्षणों की होगी भरमार

लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज से बढ़ेगी रौनक

पटना: विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले को इस बार और अधिक भव्य, आकर्षक एवं पर्यटन केंद्रित स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। मेले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बिहार की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से विभिन्न तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन से जुड़े कार्यों के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी का चयन किया गया है, जो लाइट एंड साउंड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जर्मन हैंगर और अन्य आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को सौंपी गई है। जिला प्रशासन अपनी ओर से कलाकारों का चयन कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा। इससे स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकेगा। मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोक परंपरा, संगीत और कला को प्रदर्शित करने की योजना है।

स्विस कॉटेज और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज होंगे आकर्षण का केंद्र

मेले में पर्यटकों के ठहरने और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्विस कॉटेज का निर्माण कराया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) को दी गई है। इसके अलावा आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज भी विकसित किया जा रहा है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों के शिल्पकारों और कलाकारों को अपनी कलाकृतियों, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। पर्यटकों को बिहार की पारंपरिक कला और शिल्प से रूबरू कराने के साथ स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

पर्यटक सूचना केंद्र और विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल

मेले में पर्यटन विभाग की ओर से विशेष पवेलियन तैयार किया जाएगा। इसमें पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित करने के साथ विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां आने वाले पर्यटकों को बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा अन्य सरकारी विभागों को भी अपने-अपने स्टॉल लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे एक ही परिसर में पर्यटकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिल सकेगी।

प्रचार-प्रसार पर भी रहेगा जोर

सोनपुर मेले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रचार-प्रसार की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है। हालांकि, रेडियो जिंगल और बड़े स्तर पर विज्ञापन अभियान शुरू होना अभी बाकी है। इन माध्यमों से मेले की तिथि, विशेष आकर्षणों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना है।

22 नवंबर से शुरू होगा मेला, मुख्यमंत्री कर सकते हैं उद्घाटन

इस वर्ष हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आयोजन 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक 32 दिनों के लिए किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह 22 नवंबर को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों मेले का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग मिलकर आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

धार्मिक आस्था, संस्कृति और पर्यटन का संगम है सोनपुर मेला

गंगा और गंडक नदियों के संगम क्षेत्र में लगने वाला हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एशिया के सबसे बड़े और प्रसिद्ध पशु मेलों में शामिल है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। समय के साथ यह मेला धार्मिक और पारंपरिक पहचान के अलावा सांस्कृतिक एवं पर्यटन आयोजन के रूप में भी विकसित हुआ है।

इस बार भी भागवत कथा, रामलीला, गंगा आरती, नौका दौड़, कुश्ती, पतंगबाजी और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों जैसे आयोजन मेले को खास बनाएंगे। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत और कव्वाली की प्रस्तुतियां भी प्रस्तावित हैं। इस तरह सोनपुर मेला एक बार फिर बिहार की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More