Ranchi News: पैसे के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की गोली लगने से हुई मौत।

रांची: राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार देर रात की है। गोली लगने से विकास महतो के छोटे भाई छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू अपने कई साथियों के साथ इंद्रपुरी स्थित विकास महतो के घर पहुंचा था। बताया जाता है कि अभिषेक और विकास के बीच लंबे समय से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।

इसी विवाद को लेकर अभिषेक अपने साथियों के साथ अचानक विकास महतो के घर पहुंचा और उसकी तलाश करने लगा। घर का मुख्य गेट बंद होने के कारण आरोपी अंदर प्रवेश नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने गेट के बाहर से ही फायरिंग कर दी।

इस दौरान विकास महतो के छोटे भाई छोटू महतो उर्फ मिथिलेश को गोली लग गई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More